रेल दुर्घटनाओं में जान बचाने के लिए रेलवे और एनडीआरएफ ने बनाई संयुक्त रणनीति

डीआरएम आशीष जैन की अध्यक्षता में संरक्षा बैठक, त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की हुई समीक्षा
वाराणसी, 19 नवंबर। रेल दुर्घटनाओं एवं प्राकृतिक आपदाओं के दौरान जनहानि कम करने और राहत-बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की अध्यक्षता में मंडल कार्यालय के भारतेन्दु सभा कक्ष में एनडीआरएफ की 11वीं बटालियन के साथ संरक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में एनडीआरएफ के निरीक्षक यादव कृष्णा कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से रेल दुर्घटनाओं, पुल एवं सुरंगों पर हादसों, आग लगने, भूकंप और बाढ़ जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों की तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने दुर्घटनास्थल पर त्वरित पहुंचने, घायलों को सुरक्षित निकालने और अधिकतम लोगों की जान बचाने के उपाय बताए।डीआरएम आशीष जैन ने कहा कि किसी भी दुर्घटना में जनहानि न्यूनतम करने के लिए राहत एवं बचाव दल का कम से कम समय में घटनास्थल पर पहुंचना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं के समय स्थानीय नागरिकों का सहयोग भी पीड़ितों के लिए काफी मददगार साबित होता है। ऐसे में दुर्घटना संभावित रेलखंडों एवं स्टेशनों के आसपास रहने वाले नागरिकों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण देना उपयोगी होगा।बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक अशोक कुमार वर्मा एवं अजय सिंह, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आशुतोष पाण्डेय, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट रवि सिंह एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए अधिकारियों ने अपने सुझाव भी साझा किए।




