दो हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने निकाली मतदाता जागरूकता रैली, शत-प्रतिशत मतदान का दिया संदेश

डीएम रमेश रंजन और एसपी अभिषेक ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, 22 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
गोण्डा, 19 नवंबर। लोकतंत्र की मजबूती और निर्वाचन प्रक्रिया में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज (टामसन), गोण्डा से स्वीप अभियान के तहत मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रमेश रंजन तथा पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।रैली में जनपद के 22 विद्यालयों के दो हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने नए मतदाताओं का पंजीकरण कराने, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और आगामी चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान के लिए लोगों को जागरूक किया।जिलाधिकारी रमेश रंजन ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना और मतदान करना आवश्यक है। युवाओं को स्वयं जागरूक मतदाता बनने के साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करना चाहिए।पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक वोट का अपना महत्व है। सभी पात्र नागरिक बिना किसी दबाव, भय अथवा प्रलोभन के स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करें।स्वीप अभियान के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने तथा नए मतदाताओं का पंजीकरण बढ़ाने का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने जनभागीदारी के माध्यम से शत-प्रतिशत मतदान का लक्ष्य हासिल करने की अपील की।



