मानसिक तनाव भी हृदय रोग का बड़ा कारण : डॉ. पंकज श्रीवास्तव

बाबा गुरुकुल अकादमी में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, विद्यार्थियों और अभिभावकों को दिया गया सीपीआर का प्रशिक्षण

बाराबंकी। बहराइच रोड स्थित बाबा गुरुकुल अकादमी में निःशुल्क स्वास्थ्य जागरूकता एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। ‘दिल से दिल तक’ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं उनके परिजनों को हृदय रोगों से बचाव, स्वस्थ जीवनशैली और आपातकालीन स्थिति में जीवन बचाने के उपाय बताए गए।हिंद इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम में कार्डियक सर्जन डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव कृष्ण चौधरी, फिजिशियन डॉ. राहुल वर्मा एवं डॉ. प्रतीक शामिल रहे। डॉ. पंकज श्रीवास्तव ने कहा कि गलत खानपान, शारीरिक सक्रियता की कमी, उच्च रक्तचाप, बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल और मानसिक तनाव हृदय रोग के प्रमुख कारण हैं। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित दिनचर्या और सर्दियों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी।वहीं डॉ. राजीव कृष्ण चौधरी ने सीपीआर एवं प्राथमिक उपचार का व्यावहारिक प्रशिक्षण देते हुए बताया कि आपातकालीन स्थिति में समय पर दी गई सहायता किसी की जान बचा सकती है। शिविर में निःशुल्क ओपीडी परामर्श के साथ ईसीजी, रक्तचाप और ब्लड शुगर की जांच भी की गई।विद्यालय प्रबंधक हरपाल सिंह ने चिकित्सकों का स्वागत एवं सम्मान करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ स्वास्थ्य और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है। प्रधानाचार्या सुप्रिया पाण्डेय ने चिकित्सक दल, अभिभावकों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में टेक्नीशियन राघवेंद्र द्विवेदी, रवि शंकर, अली एवं हिंद अस्पताल के जनसंपर्क अधिकारी पंकज सिन्हा का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button