संविधान दिवस पर एसपी अभिषेक ने पुलिसकर्मियों को दिलाई एकता-अखंडता की शपथ

बदलता स्वरूपगोंडा। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने रिजर्व पुलिस लाइन गोंडा में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई।पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए एसपी ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान अपनाया गया था। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रत्येक वर्ष संविधान दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों और आदर्शों के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा देना है।इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक और अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी नितेश ने पुलिस कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया और राष्ट्र की एकता-अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई। जनपद के सभी कार्यालयों, थानों और चौकियों में भी संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराकर पुलिसकर्मियों ने संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।




