सीनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश ने जीता कांस्य पदक, पूर्वोत्तर रेलवे के अतुलदीप का शानदार प्रदर्शन

पंजाब को 3-1 से हराकर यूपी ने हासिल किया तीसरा स्थान, डीआरएम आशीष जैन ने रेलकर्मी खिलाड़ी को किया सम्मानित

वाराणसी, 25 नवंबर। झांसी में 10 से 21 अक्टूबर तक आयोजित 16वीं सीनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप-2026 में उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। इस गौरवपूर्ण सफलता में पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल के बनारस स्टेशन पर कार्यरत वरिष्ठ टिकट निरीक्षक एवं हॉकी खिलाड़ी अतुलदीप का सराहनीय योगदान रहा।

कांस्य पदक के लिए खेले गए मुकाबले में उत्तर प्रदेश की टीम ने पंजाब को 3-1 से पराजित कर तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में अतुलदीप ने उत्तर प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने खेल कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

इस उपलब्धि पर बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने अपने कार्यालय में अतुलदीप का स्वागत एवं अभिनंदन कर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि अतुलदीप की सफलता वाराणसी मंडल और पूर्वोत्तर रेलवे के लिए गर्व का विषय है। उनकी प्रतिभा, कठिन परिश्रम, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण अन्य रेलकर्मियों एवं खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

इस अवसर पर वरिष्ठ परिचालन प्रबंधक सह क्रीड़ा अधिकारी बलेन्द्र पाल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव एवं मंडल क्रीड़ा सचिव सतीश नारायण सिंह ने भी अतुलदीप को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Back to top button