संविधान दिवस पर डीआईजी अशोक कुमार ने पुलिसकर्मियों को दिलाई संविधान की शपथ, नन्हीं आद्या मिश्रा को किया सम्मानित

38.38 सेकंड में संविधान की प्रस्तावना सुनाकर चार वर्ष की उम्र में इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज कराया था नाम

गोंडा। संविधान दिवस के अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र अशोक कुमार ने शिविर कार्यालय गोंडा में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराते हुए संविधान के प्रति निष्ठा, सम्मान और प्रतिबद्धता की शपथ दिलाई।

इस दौरान डीआईजी ने कहा कि संविधान भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला है, जो प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निष्पक्षता, ईमानदारी, पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा कानून के समक्ष सभी नागरिकों के साथ समान व्यवहार सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।

नन्हीं आद्या की प्रतिभा को डीआईजी ने किया सम्मानित

संविधान दिवस के अवसर पर डीआईजी अशोक कुमार ने न्यू इंदिरा नगर कॉलोनी निवासी अरुण मिश्रा की पुत्री नन्हीं आद्या मिश्रा को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया। आद्या ने शिविर कार्यालय में डीआईजी के समक्ष भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सुस्पष्ट पाठ सुनाया। उनकी प्रतिभा और असाधारण स्मरण शक्ति से प्रभावित होकर डीआईजी ने उन्हें इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स का मेडल पहनाकर सम्मानित किया।

उल्लेखनीय है कि महज चार वर्ष की उम्र में आद्या ने भारतीय संविधान की पूरी प्रस्तावना को कंठस्थ कर मात्र 38.38 सेकंड में सुनाया था, जिसके लिए उनका नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ। डीआईजी ने आद्या की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में यह मुकाम हासिल करना गौरव की बात है। उनकी प्रतिभा अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने आद्या को भविष्य में नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर जनसेवा और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Related Articles

Back to top button