46,800 युवाओं को सीएम योगी ने बांटे टैबलेट, बोले- यह चलता-फिरता विश्वविद्यालय

गोंडा में मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के साथ ली सेल्फी, बोले- डिजिटल तकनीक से जुड़कर युवा संवारें अपना भविष्य

देवीपाटन मंडल के चार जिलों में टैबलेट वितरण, पिछले साढ़े नौ वर्षों में 9.5 लाख युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

गोंडा, 27 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज (टामसन) गोंडा में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में देवीपाटन मंडल के 46,800 छात्र-छात्राओं एवं प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए। मुख्यमंत्री ने चारों जनपदों के पांच-पांच चयनित विद्यार्थियों को मंच पर अपने हाथों से टैबलेट प्रदान किए। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के साथ सेल्फी भी ली। टैबलेट पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरे खिल उठे।

जनपदवार वितरण के तहत गोंडा में 33,200, बहराइच में 7,400, बलरामपुर में 5,100 और श्रावस्ती में 1,100 विद्यार्थियों को टैबलेट दिए गए। गोंडा से प्रियंका चतुर्वेदी, सुरभि तिवारी, पिंकी सोनी, अर्चिता और सैयद अनस को मुख्यमंत्री ने मंच पर टैबलेट प्रदान किए।

टैबलेट नहीं, युवाओं के हाथ में चलता-फिरता विश्वविद्यालय

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ये टैबलेट महज इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं, बल्कि युवाओं के हाथ में चलता-फिरता विश्वविद्यालय हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थी घर बैठे दुनिया भर की शैक्षिक सामग्री, तकनीकी जानकारी और ज्ञान के विभिन्न स्रोतों तक पहुंच बना सकते हैं। उन्होंने युवाओं से आधुनिक तकनीक का सकारात्मक उपयोग कर अपनी प्रतिभा निखारने और भविष्य को नई दिशा देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोंडा और देवीपाटन मंडल का गौरवशाली इतिहास रहा है। यह वीरों की धरती है, जिसने विदेशी आक्रांताओं का मुकाबला किया। उन्होंने वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में विकास की नई धारा का उल्लेख करते हुए गोंडा में मेडिकल कॉलेज, बहराइच में मेडिकल कॉलेज और बलरामपुर में मां पाटेश्वरी के नाम पर विश्वविद्यालय निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले 10 वर्षों में देवीपाटन मंडल के विकास के लिए 36 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

साढ़े नौ वर्षों में 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले साढ़े नौ वर्षों में लगभग 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र उपलब्ध कराए हैं। नियुक्ति पत्र केवल नौकरी का दस्तावेज नहीं, बल्कि युवाओं के परिश्रम, प्रतिभा और योग्यता का सम्मान है। उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए भी लगातार काम कर रही है।

डिजिटल क्षेत्र में उत्तर प्रदेश अग्रणी : कीर्तिवर्धन सिंह

केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री एवं गोंडा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि भारत दुनिया में सबसे अधिक युवा आबादी वाला देश है और युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। डिजिटल क्षेत्र में उत्तर प्रदेश अग्रणी स्थान पर है। उन्होंने विद्यार्थियों से टैबलेट का सदुपयोग कर शिक्षा, कौशल और प्रतिभा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की अपील की।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में सांसद करणभूषण सिंह, आनंद कुमार गौड़, केंद्रीय मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा, दद्दन मिश्रा, आरती तिवारी, मंत्रा देवी, विधायक अनुपमा जायसवाल, रमापति शास्त्री, पल्टूराम, प्रतीक भूषण सिंह, बावन सिंह, प्रेम नारायण पांडेय, अजय कुमार सिंह, कैलाश नाथ शुक्ल, सरोज सोनकर, प्रभात कुमार वर्मा, विनय कुमार द्विवेदी सहित मंडल के अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस अवसर पर मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल, डीआईजी अशोक शुक्ला, जिलाधिकारी रमेश रंजन, पुलिस अधीक्षक अभिषेक, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद सहित मंडल एवं जनपद के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button