लूटकांड का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, 1700 रुपये नकद बरामद

अम्बेडकर चौराहे के पास असलहे के बल पर 70 हजार रुपये लूटने के मामले में पुलिस की कार्रवाई
गोण्डा। कोतवाली नगर पुलिस ने लूट की घटना में वांछित चल रहे अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1700 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय रवाना कर दिया।पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे अंकित गुप्ता निवासी बालपुर बाजार, थाना करनैलगंज अपने साथी शिवप्रकाश तिवारी के साथ दुकान बंद कर बालपुर बाजार जा रहे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने असलहे से मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी और दुकान का करीब 70 हजार रुपये कैश लूटकर फरार हो गए। मामले में कोतवाली नगर में मुकदमा संख्या 819/2026 दर्ज किया गया था।पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को वांछित अभियुक्त की तलाश के दौरान मुखबिर की सूचना पर राजेन्द्र लाहिड़ी चौराहे के पास से आदित्य सिंह पुत्र वंशराज सिंह, निवासी ग्राम नरसिंहपुर, तहसील हरैया, थाना पैगुलिया, जनपद बस्ती को गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के कब्जे से 1700 रुपये नकद बरामद हुए हैं। मामले में धारा 310(2), 317(3), 126(2) व 351(3) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शिवम गुप्ता, चौकी प्रभारी एससीपीएम, कांस्टेबल संदीप यादव और कांस्टेबल आनंद कुमार शामिल रहे।




