करनैलगंज में बृजभूषण शरण सिंह का जगह-जगह भव्य स्वागत

क्रेन से पहनाई 20 फीट की माला, तो बुलडोजर से हुई पुष्पवर्षा

पवनदेव सिंह
करनैलगंज, गोंडा। पूर्व सांसद एवं भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह के करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र में आगमन पर विभिन्न स्थानों पर समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। करनैलगंज सीएचसी चौराहे पर कटरा प्रभारी एवं भाजपा नेता राघवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ पिंटू भैया की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत और अभिनंदन किया।
पूर्व सांसद का काफिला करनैलगंज क्षेत्र में जैसे-जैसे आगे बढ़ा, कई स्थानों पर समर्थकों की भीड़ जुटती गई। भभुआ चौराहे पर जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी शिवम सिंह के नेतृत्व में स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां समर्थकों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान क्रेन के जरिए करीब 20 फीट लंबी माला पहनाई गई, जबकि बुलडोजर से पुष्पवर्षा की गई। समर्थकों के उत्साह से चौराहे पर माहौल काफी जोशीला नजर आया।
इसी क्रम में बरगदी के निकट पांडे पुरवा चौराहे पर पूर्व विधायक स्वर्गीय कुंवर अजय प्रताप सिंह के पुत्र कुंवर शारदेन मोहन सिंह ने समर्थकों के साथ पूर्व सांसद का स्वागत किया। यहां भी फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के जरिए उनका अभिनंदन किया गया।


सरयू डिग्री कॉलेज पहुंचने पर प्राचार्य डॉ. आरबी, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और क्षेत्रवासियों ने बृजभूषण शरण सिंह का स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और भांगड़ा की प्रस्तुति के बीच पुष्पवर्षा, रोली और चंदन से उनका अभिनंदन किया गया। इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष संदीप सिंह, अशोक सिंह समेत क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
वहीं, रामलीला कमेटी के अध्यक्ष के नेतृत्व में भी जोरदार स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से स्वागत स्थलों पर भीड़ दिखाई दी। स्कूली बच्चों समेत विभिन्न वर्गों के लोगों ने पूर्व सांसद का स्वागत किया। कई जगहों पर बुलडोजर से पुष्पवर्षा की गई और समर्थकों ने नारेबाजी कर उत्साह जताया।
विधायक अजय सिंह के परसपुर कार्यालय पर भी बृजभूषण शरण सिंह का आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। पूर्व सांसद ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
करनैलगंज क्षेत्र में जगह-जगह हुए स्वागत को लेकर बृजभूषण शरण सिंह ने भी प्रतिक्रिया दी। क्रेन और बड़ी मालाओं से हो रहे स्वागत पर उन्होंने कहा कि “क्रेन से स्वागत बहुत महंगा पड़ रहा है।” उनके इस अंदाज पर समर्थकों में भी उत्साह देखने को मिला।

Related Articles

Back to top button