महिलाओं को न्याय दिलाने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: चारू चौधरी

राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने गोण्डा में की जनसुनवाई, 13 मामलों पर दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

पवन जायसवाल
गोण्डा। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने गुरुवार को गोण्डा पहुंचकर महिलाओं से जुड़ी समस्याओं की जनसुनवाई की और अधिकारियों को पीड़ित महिलाओं को समयबद्ध एवं संवेदनशील न्याय उपलब्ध कराने के कड़े निर्देश दिए। सर्किट हाउस में आयोजित जनसुनवाई में कुल 13 प्रकरण सामने आए।
चारू चौधरी ने कहा कि महिला उत्पीड़न के मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। महिलाओं को उनके अधिकारों और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर भी जोर दिया।
जनसुनवाई के बाद जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने सर्किट हाउस पहुंचकर राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष से मुलाकात की। दोनों के बीच महिला सुरक्षा एवं कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
इसके बाद उपाध्यक्ष ने मनकापुर क्षेत्र के गोहन्ना गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया तथा गोदभराई कार्यक्रम में शामिल होकर महिलाओं और बच्चों से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
छात्राओं को दिया अधिकार और सुरक्षा का संदेश
सरस्वती देवी नारी ज्ञान स्थली महाविद्यालय में छात्राओं से संवाद करते हुए चारू चौधरी ने शिक्षा, सुरक्षा, महिला अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बेटियां देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं, इसलिए उन्हें सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलना चाहिए। रेडियो 98.6 एफएम के माध्यम से भी जागरूकता कार्यक्रम में सहभागिता की।

नवजात बच्ची से केक कटवाकर मनाया कन्या जन्मोत्सव

जिला महिला चिकित्सालय पहुंचकर उपाध्यक्ष ने स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान नवजात बच्ची से केक कटवाकर कन्या जन्मोत्सव मनाया गया। चारू चौधरी ने बच्ची के स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अस्पताल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी गौरव मिश्र, जिला समाज कल्याण अधिकारी एस.पी. सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, महिला थाना प्रभारी अनीता यादव, संरक्षण अधिकारी चन्द्रमोहन वर्मा, डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर शिवेन्द्र श्रीवास्तव, सेंटर मैनेजर चेतना सिंह, जेण्डर स्पेशलिस्ट ज्योत्सना सिंह, राज कुमार आर्य, सामाजिक कार्यकर्ता पंकज राव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button