रोटरी क्लब बलरामपुर ग्रेटर ने किया राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी का सम्मान

महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार एवं सरकारी योजनाओं को जरूरतमंद महिलाओं तक पहुँचाने में रोटरी निभाए सक्रिय भूमिका — चारु चौधरी
बलरामपुर। रोटरी क्लब बलरामपुर ग्रेटर द्वारा क्लब अध्यक्ष रोटेरियन भूपेंद्र सिंह की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी के सम्मान में एक गरिमामय कार्यक्रम एवं विशेष बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चारु चौधरी ने क्लब के सदस्यों के साथ महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, सामाजिक सुरक्षा तथा प्रदेश सरकार द्वारा जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक को संबोधित करते हुए चारु चौधरी ने कहा कि समाज में आज भी अनेक महिलाएँ जानकारी के अभाव में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त नहीं कर पा रही हैं। उन्होंने रोटरी क्लब बलरामपुर ग्रेटर के सदस्यों, विशेष रूप से महिला रोटेरियन्स से आह्वान किया कि वे ऐसी जरूरतमंद महिलाओं की पहचान कर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएँ। उन्होंने कहा कि केवल योजनाओं की जानकारी देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पात्र लाभार्थियों के आवेदन-पत्र भरवाने, आवश्यक औपचारिकताएँ पूरी कराने तथा उन्हें संबंधित विभागों तक पहुँचाने में भी सहयोग किया जाना चाहिए।
श्रीमती चौधरी ने रोजगार एवं स्वरोजगार से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं के साथ ही विधवा पेंशन, सामाजिक सुरक्षा एवं महिलाओं के कल्याण से जुड़ी अनेक योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि यदि रोटरी जैसी प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था अपने सेवा भाव के साथ घर-घर पहुँचकर जरूरतमंद लोगों को इन योजनाओं से जोड़ती है, तो यह प्रयास अनेक परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है। विशेष रूप से रोजगार की आवश्यकता वाले लोगों को सरकारी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने में किया गया सहयोग उनके जीवन के लिए वरदान सिद्ध हो सकता है।
उन्होंने रोटरी क्लब बलरामपुर ग्रेटर के सदस्यों को आश्वस्त किया कि वे सरकार की रोजगारपरक एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर समाज के जरूरतमंद लोगों तक पहुँचें और उन्हें योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाने का प्रयास करें। ऐसे जनहितकारी एवं सेवा कार्यों में राज्य महिला आयोग एवं सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष रोटेरियन भूपेंद्र सिंह ने चारु चौधरी को रोटरी क्लब बलरामपुर ग्रेटर द्वारा संचालित विभिन्न सेवा परियोजनाओं से अवगत कराया। उन्होंने बलरामपुर में संचालित वयस्क साक्षरता केंद्र तथा महिला आत्मनिर्भरता की दिशा में 25 अगस्त को “स्वावलंबन” के अंतर्गत प्रारंभ किए गए सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण केंद्र सहित क्लब द्वारा शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं समाज सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी दी। श्रीमती चौधरी ने इन सेवा प्रयासों की सराहना करते हुए क्लब के सदस्यों को इन्हें और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान क्लब के चार्टर अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने पुष्पगुच्छ भेंट कर चारु चौधरी का स्वागत एवं सम्मान किया। सहायक मंडलाध्यक्ष, जोन-15 रोटेरियन डॉ. सौरभ सिंह ने रोटरी द्वारा किए जा रहे विभिन्न सामाजिक एवं सेवा कार्यों से उन्हें अवगत कराया।
महिला सदस्यों की ओर से भी मुख्य अतिथि का आत्मीय अभिनंदन किया गया। रोटेरियन आस्था पाहवा ने पुष्पगुच्छ अर्पित कर उनका स्वागत किया, जबकि रोटेरियन रीत कौर ने अंगवस्त्र पहनाकर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर रोटेरियन मनीला पाहवा भी सम्मान कार्यक्रम में सहभागी रहीं।
क्लब अध्यक्ष रोटेरियन भूपेंद्र सिंह एवं सचिव रोटेरियन रविन्द्र कुमार जायसवाल ने संयुक्त रूप से श्रीमती चारु चौधरी को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में एक और उल्लासपूर्ण अवसर क्लब के चार्टर अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. देवेश चंद्र श्रीवास्तव के जन्मदिन का रहा। इस अवसर पर केक काटकर उनका जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया तथा उपस्थित रोटेरियन्स ने उन्हें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी ने भी डॉ. देवेश चंद्र श्रीवास्तव को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
कार्यक्रम का कुशल संचालन रोटेरियन मलय पाहवा ने किया। बैठक का समापन राष्ट्रगान के साथ गरिमापूर्ण वातावरण में हुआ।
इस अवसर पर क्लब के कोषाध्यक्ष रोटेरियन मिहिर मेहरोत्रा, रोटेरियन संजय शर्मा, रोटेरियन बृजेश मणि त्रिपाठी, रोटेरियन दिलीप श्रीवास्तव, रोटेरियन सहजप्रीत सिंह, रोटेरियन सचिन पाहवा, रोटेरियन जय शेखर, रोटेरियन डॉ. कुलदीप विश्वकर्मा, रोटेरियन डॉ. अब्दुल कय्यूम, रोटेरियन अंकित गोयल, रोटेरियन आलोक श्रीवास्तव, रोटेरियन अनीता श्रीवास्तव, रोटेरियन मीत कौर, रोटेरियन रितिका जायसवाल सहित क्लब के अनेक सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे।





