कर्नलगंज के कटरा घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, सरयू से जल लेकर शिवालयों की ओर रवाना हुए लाखों कांवरिया

कर्नलगंज/गोण्डा। कजरी तीज के अवसर पर कर्नलगंज स्थित कटरा घाट पर शिव भक्तों का विशाल जमावड़ा देखने को मिल रहा है। सरयू नदी में स्नान कर पवित्र जल लेने का सिलसिला शनिवार देर रात से ही लगातार जारी है। दूर-दराज से पहुंचे कांवरियों ने देर रात से ही सरयू से जल भरना शुरू कर दिया था। रविवार को जैसे-जैसे दिन चढ़ा और शाम होने लगी, स्थानीय श्रद्धालुओं की भी भीड़ घाट पर बढ़ती गई।
सरयू से जल लेकर कांवरिया जनपद के विभिन्न शिवालयों की ओर रवाना हो रहे हैं। अधिकांश श्रद्धालु सोमवार को गोंडा स्थित प्रसिद्ध दुखहरनाथ मंदिर और पृथ्वीनाथ मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। वहीं बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाराबंकी के महादेवा मंदिर के लिए भी कांवर लेकर रवाना हुए हैं।
प्रशासन ने किए व्यापक इंतजाम
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जनपद को 16 सेक्टरों में बांटकर प्रत्येक सेक्टर में सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। घाट और प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तथा पीएसी की तैनाती की गई है।
सरयू तट पर गोताखोरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है। इसके अलावा जगह-जगह पुलिस और मेडिकल टीमें तैनात हैं तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है। घाट की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी की जा रही है।
सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने भी भरा सरयू जल
इसी दौरान गोण्डा सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह अपने समर्थकों के साथ कटरा घाट पहुंचे। उन्होंने सरयू मैया के चरण स्पर्श कर पवित्र जल लिया और पैदल गोंडा के लिए रवाना हुए। रास्ते में समर्थकों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान समर्थक “प्रतीक भैया जिंदाबाद”, “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयकारे लगाते नजर आए।
कोई लेटकर तो कोई दौड़कर कर रहा कांवर यात्रा
कटरा घाट से निकल रहे कांवरियों में आस्था और भक्ति के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। कोई लेटकर अपनी यात्रा पूरी कर रहा है तो कोई दौड़ते हुए शिवालय की ओर बढ़ रहा है। कुछ श्रद्धालु बड़ी मात्रा में सरयू जल लेकर चल रहे हैं। वहीं कुछ कांवरिए भगवान शिव का रूप धारण कर कांवर यात्रा करते दिखाई दिए।
कई कांवरियों के जत्थे शिव बारात की तरह सजे हुए नजर आए। डीजे, भक्ति गीत, हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से पूरा मार्ग शिवमय दिखाई दे रहा है।
लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान
खबर लिखे जाने तक कई लाख कांवरिया कटरा घाट से सरयू जल लेकर पृथ्वीनाथ, दुखहरनाथ और बाराबंकी के महादेवा मंदिर की ओर रवाना हो चुके हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के बीच प्रशासन लगातार सुरक्षा व्यवस्था और यातायात पर नजर बनाए हुए है। कटरा घाट से लेकर कांवरियों के प्रमुख मार्गों तक जगह-जगह सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
कर्नलगंज से पवनदेव सिंह की रिपोर्ट




