महिला पत्रकारों से अभद्रता के विरोध में पत्रकार समाज कल्याण समिति ने सौंपा ज्ञापन

महिला पत्रकारों से अभद्रता के विरोध में पत्रकार समाज कल्याण समिति ने सौंपा ज्ञापन

गोण्डा। मंगलवार को पत्रकार समाज कल्याण समिति के जिला अध्यक्ष नरेंद्र लाल गुप्ता की अध्यक्षता में दिल्ली के साकेत थाना क्षेत्र में महिला पत्रकारों के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा कथित अभद्रता और मारपीट के विरोध में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया कि महिला पत्रकारों ने शासन में बैठे लोगों से सवाल किए थे। पत्रकारों का सवाल पूछना लोकतंत्र में उनके दायित्व का हिस्सा है। पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माना जाता है और यदि पत्रकार शासन-प्रशासन से सवाल नहीं पूछेंगे तो जनहित के मुद्दे कौन उठाएगा।
समिति ने महिला पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार और मारपीट की कड़ी निंदा करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई किए जाने तथा पीड़ित महिला पत्रकारों को न्याय दिलाने की मांग की।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि 15 दिनों के भीतर दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो पत्रकार समाज कल्याण समिति आंदोलन का रास्ता अपनाएगी। समिति ने कहा कि इसके बाद धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष नरेंद्र लाल गुप्ता ने कहा कि पत्रकारों को कमजोर या निरीह समझना उचित नहीं है। पत्रकारों की एकजुटता लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मामले में समयबद्ध कार्रवाई कर महिला पत्रकारों को न्याय दिलाने की मांग की। इस दौरान जयप्रकाश ओझा, दीपक श्रीवास्तव, मोहम्मद अयूब, रियाज अहमद, हामिद अली, रक्षा राम पाठक, सुधीर कुमार सोनी सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button