वाराणसी न्यूज़

बलिया स्टेशन पर खुलेगा वाराणसी मंडल का चौथा रेल कोच रेस्टोरेंट
ई-नीलामी से हुआ आवंटन, नवंबर से यात्रियों और आम लोगों को मिलेगा वातानुकूलित कोच में खान-पान का अनूठा अनुभव
वाराणसी, 17 सितम्बर। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए बलिया रेलवे स्टेशन पर रेल कोच रेस्टोरेंट का आवंटन कर दिया है। ई-नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से आवंटित यह रेस्टोरेंट नवंबर 2026 से यात्रियों एवं आम जनता के लिए शुरू होने की उम्मीद है।
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव के नेतृत्व में रेलवे की नवाचार नीति के तहत यह पहल की गई है। पांच वर्ष की अनुबंध अवधि के लिए आवंटित रेल कोच रेस्टोरेंट में वातानुकूलित कोच के स्वरूप में विभिन्न शैलियों के स्वादिष्ट व्यंजन उपलब्ध होंगे।
बलिया स्टेशन पर रेस्टोरेंट शुरू होने के बाद यह वाराणसी मंडल का चौथा रेल कोच रेस्टोरेंट होगा। इससे पहले बनारस, वाराणसी सिटी और मऊ स्टेशनों पर ऐसी सुविधा संचालित हो रही है।
रेल प्रशासन के अनुसार स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ गैर-किराया राजस्व बढ़ाने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बलिया स्टेशन पर रेल कोच रेस्टोरेंट का शुभारंभ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
वाराणसी मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ पखवाड़े का शुभारंभ
डीआरएम आशीष जैन ने सफाईकर्मी से कराया फलक का अनावरण, अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई स्वच्छता की शपथ
वाराणसी, 17 सितम्बर। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में गुरुवार को ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ पखवाड़े का शुभारंभ हुआ। इस वर्ष अभियान की थीम ‘स्वच्छता में सहभागिता; स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ रखी गई है। अभियान 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक चलेगा।
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर ड्यूटी पर तैनात स्वच्छता कर्मी से फलक का अनावरण कराकर अभियान की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (परि.) अशोक कुमार वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह सहित मंडल के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
डीआरएम ने कहा कि अभियान के दौरान स्टेशन ही नहीं, बल्कि रेलवे कॉलोनियों, वर्कशॉप, रनिंग रूम और ट्रैक के आसपास के क्षेत्रों में भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। सिंगल यूज प्लास्टिक के बहिष्कार और उचित कचरा प्रबंधन पर विशेष जोर रहेगा। उन्होंने यात्रियों एवं आमजन से भी निर्धारित कूड़ेदान में कचरा डालने और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
पखवाड़े के दौरान स्वच्छ पाठशाला, स्वच्छ स्टेशन-स्वच्छ रेलगाड़ी, कचरा पृथक्करण, कंपोस्टिंग, प्लास्टिक से बचाव, स्वच्छता के लिए खेल, स्वच्छ पर्यटन एवं विरासत रेलवे स्थल, कबाड़ से कला, प्लास्टिक रीसाइक्लिंग तथा सफाईमित्र सुरक्षा एवं सम्मान से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
1 अक्टूबर को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान के तहत रेलवे स्टेशनों, यार्ड, कॉलोनियों और अन्य चिन्हित स्थानों पर सामूहिक श्रमदान होगा। वहीं 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस पर स्वच्छता शपथ, प्रभात फेरियां, स्वच्छता रथ, पौधारोपण एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाली इकाइयों और स्वयंसेवकों का सम्मान कर अभियान का समापन किया जाएगा।
महेश गुप्ता
जनसम्पर्क अधिकारी, वाराणसी मंडल
पूर्वोत्तर रेलवे



