सुल्तानपुर खबर

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक आयोजित

सुलतानपुर, 17 सितम्बर।जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता व मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के एजेण्डा के विभिन्न बिन्दुओं पर संबंधित विभागों के अधिकारियों, खेल संघों के पदाधिकारियों एवं खेल प्रशिक्षकों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जनपद में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा खेल अवस्थापना सुविधाओं के विकास से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में बैडमिंटन प्रशिक्षक की व्यवस्था किए जाने हेतु स्वीकृति प्रदान की गई, जिससे खिलाड़ियों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सके।
इसके साथ ही जनपद में संचालित जिम एवं तरणताल के संचालकों से वार्षिक रजिस्ट्रेशन एवं अन्य शुल्क सहित ₹15,000 की एकमुश्त धनराशि जमा किए जाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इसी क्रम में जनपद में शराब/बीयर के विक्रय हेतु नवीन लाइसेंस प्राप्तकर्ताओं से ₹5,000 की एकमुश्त धनराशि जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति में जमा कराए जाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई।
बैठक में खिलाड़ियों एवं विशेषकर महिला खिलाड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम परिसर में महिला चेंजिंग रूम एवं शौचालयों का निर्माण कराए जाने के प्रस्ताव को भी समिति द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई। जिलाधिकारी महोदय ने अधिकारियों को खेल परिसर में उपलब्ध सुविधाओं के बेहतर रख-रखाव एवं खिलाड़ियों की आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक में जनपद की सभी तहसीलों में तहसील स्तर पर खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तहसील खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति के गठन तथा तहसील स्तर पर समिति का खाता खोले जाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इसके लिए जिला युवा कल्याण अधिकारी, सुलतानपुर को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा ग्रामीण एवं तहसील स्तर से प्रतिभावान खिलाड़ियों को चिन्हित कर उन्हें बेहतर अवसर प्रदान करना प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं खेल संघों के पदाधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनपद में खेल गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया।
बैठक में क्रीड़ाधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त जिला खेल संघों के पदाधिकारी एवं सदस्य, हॉकी सचिव तारीक, जिला व्यायाम शिक्षक, कबड्डी सचिव तथा स्टेडियम के प्रशिक्षक, आशा सहित अन्य गणमान्य सदस्य एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।



रिजर्व पुलिस लाइन में धूमधाम से मनाई गई विश्वकर्मा जयंती

एसपी विनीत जायसवाल ने की शस्त्रों व वाहनों की पूजा

अनिल जायसवाल
सुल्तानपुर। 17 सितंबर को रिजर्व पुलिस लाइन सुल्तानपुर स्थित शस्त्रागार और परिवहन शाखा में भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना पूरे हर्षोल्लास और विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। इस दौरान जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कामना की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने शस्त्रागार में स्थापित भगवान विश्वकर्मा का विधिवत पूजन-अर्चन किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शस्त्रागार में रखे शासकीय शस्त्रों, परिवहन शाखा के वाहनों और अन्य तकनीकी उपकरणों की पूजा की गई।
इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने शासकीय संसाधनों की सुरक्षा तथा उनके सुचारू संचालन का संकल्प लिया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह, क्षेत्राधिकारी लाइन्स रामकृष्ण चतुर्वेदी, प्रभारी आरआई, परिवहन शाखा के प्रभारी अधिकारी समेत पुलिस विभाग के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।



सुलतानपुर पुलिस को फिटनेस का तोहफा, 24 घंटे खुलेगा अत्याधुनिक एसी जिम

एसपी विनीत जायसवाल और वामा सारथी अध्यक्षा डॉ. तन्वी जायसवाल ने किया उद्घाटन

अनिल जायसवाल
सुलतानपुर। पुलिसकर्मियों की शारीरिक फिटनेस और मानसिक सुदृढ़ता को बढ़ावा देने के लिए रिजर्व पुलिस लाइन्स में नवनिर्मित अत्याधुनिक वातानुकूलित जिम का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल और वामा सारथी पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्षा डॉ. तन्वी जायसवाल ने किया।

पुलिसकर्मियों की ड्यूटी को देखते हुए जिम को 24 घंटे संचालित करने की व्यवस्था की गई है। जिम में चेस्ट प्रेस, लेग कर्ल/एक्सटेंशन, पुल डाउन, मल्टी फंक्शन स्टेशन, ट्रेडमिल, क्रॉस ट्रेनर और हाइपर एक्सटेंशन जैसी आधुनिक मशीनें लगाई गई हैं। सही अभ्यास के लिए प्रशिक्षित ट्रेनर भी तैनात किए गए हैं।

एसपी विनीत जायसवाल ने कहा कि पुलिस की नौकरी तनाव और जिम्मेदारियों से भरी होती है। नियमित व्यायाम से तनाव कम करने के साथ कार्यक्षमता बढ़ाने में मदद मिलती है। यह पहल पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उद्घाटन के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह, क्षेत्राधिकारी लाइन रामकृष्ण चतुर्वेदी, प्रतिसार निरीक्षक समेत पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button