सांप पकड़कर डिब्बे में रखते समय सपेरे को बहराइच

सांप पकड़कर डिब्बे में रखते समय सपेरे को
बहराइच
डसा, मेडिकल कॉलेज में भर्ती , इलाज जारी
बहराइच। रिसिया थाना क्षेत्र के आलिया बुलबुल गांव निवासी राम कुमार (40) शनिवार सुबह सांप पकड़ने के दौरान उसके डसने से गंभीर रूप से घायल हो गए। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज बहराइच लेकर पहुंचे। खास बात यह रही कि परिजन जिस सांप के डसने से राम कुमार की हालत बिगड़ी थी, उसे भी डिब्बे में बंद करके साथ लेकर अस्पताल पहुंचे।
बताया गया कि राम कुमार के पिता केशव सपेरा हैं और वह भी सांप पकड़ने का काम करते हैं। शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे उन्हें शाहनवाजपुर गांव में सांप निकलने की सूचना मिली। सूचना मिलने के बाद वह सांप पकड़ने के लिए करीब चार किलोमीटर दूर स्थित गांव पहुंचे। वहां काफी मशक्कत के बाद उन्होंने सांप को पकड़ लिया।
सांप पकड़ने के बाद राम कुमार उसे लेकर अपने घर लौट आए। घर पहुंचने पर वह सांप को सुरक्षित रखने के लिए डिब्बे में डाल रहे थे। इसी दौरान सांप ने अचानक उनकी उंगली में डस लिया। कुछ ही देर में उनकी हालत बिगड़ने लगी। यह देख परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने आनन-फानन में राम कुमार को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज बहराइच पहुंचाया। साथ ही सांप को भी डिब्बे में बंद कर अस्पताल ले आए।
मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने बताया कि राम कुमार को परिजन गंभीर हालत में लेकर पहुंचे थे। उनके साथ डिब्बे में सांप भी था। चिकित्सकों की निगरानी में राम कुमार का उपचार किया जा रहा है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई गई है।





