बहराईच दिन भर की खबर

डीएम की अध्यक्षता में तहसील सदर में आयोजित हुआ संपूर्ण समाधान दिवस
बहराइच
बहराइच 19 सितम्बर। आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवसों की कड़ी में माह सितम्बर के शनिवार को तहसील सदर में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। इस अवसर पर डीएम ने पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, उप जिलाधिकारी अमन देयोल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार, डीडीओ राज कुमार, पीडी डीआरडीए मनीष कुमार व अन्य अधिकारियों के साथ फरियादियों की समस्याओं की गम्भीरतापूर्वक सुनवाई की और निस्तारण के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
डीएम ने क्षेत्र के व्यक्तियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होनें स्पष्ट किया कि जनशिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समाधान पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायत के निस्तारण से शिकायतकर्ता को भी अनिवार्य रूप से अवगत कराया जाए। साथ ही सम्बन्धित अधिकारी मौके पर जाकर स्थलीय भ्रमण भी करें। इस अवसर पर जिला पूर्ति अधिकारी नरेन्द्र तिवारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह, ईओ प्रमिता सिंह, डीडीएग्री विनय कुमार वर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सम्बन्धित खण्ड विकास अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी, सीडीपीओ व थानाध्यक्ष व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि तहसील सदर में प्राप्त 55 प्रार्थना-पत्रों में से 04 का निस्तारण मौके पर किया गया। तहसील कैसरगंज में प्राप्त 92 प्रार्थना-पत्रों के सापेक्ष 11, तहसील पयागपुर में प्राप्त 15 के सापेक्ष 03, मिहींपुरवा (मोतीपुर) में प्राप्त 17 के सापेक्ष 02, नानपारा में प्राप्त 20 के सापेक्ष 03 व महसी में प्राप्त 41 प्रार्थना-पत्रों के सापेक्ष 02 का मौके पर निस्तारण किया गया।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर सख्त हुए डीएम, बिना परिचारक नहीं चलेगी स्कूल बस
बहराइच
बहराइच। स्कूली बच्चों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। शनिवार शाम चार बजे कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं विद्यालय यान समिति की विशेष बैठक हुई। इसमें यातायात व्यवस्था और स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को शहर में यातायात में बाधा बनने वाले अवरोधक होर्डिंग तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी और संबंधित अधिकारियों को संयुक्त रूप से निरीक्षण कर अतिक्रमण वाले स्थानों पर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। डीएम ने स्पष्ट किया कि बिना फिटनेस के कोई भी वाहन संचालित नहीं होना चाहिए।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक स्कूल बस पर हेल्पलाइन एवं मोबाइल नंबर अंकित कराने के निर्देश दिए गए। सभी विद्यालयों में समयबद्ध बैठकें आयोजित करने तथा प्रत्येक बस में चालक के अलावा महिला या पुरुष परिचारक की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। बिना परिचारक के स्कूल बस संचालित न करने के निर्देश दिए गए। स्कूल से बाहर के चालक और परिचारक को पुलिस सत्यापन के बाद ही नियुक्त करने तथा चालक-परिचारक द्वारा शराब का सेवन न किए जाने की निगरानी के लिए समय-समय पर आकस्मिक जांच कराने को कहा।
डीएम ने टोल प्लाजा के पास स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाकर वाहन चालकों का शुगर, बीपी और नेत्र परीक्षण कराने पर विशेष जोर दिया। बारिश के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर गड्ढे मिलने पर तत्काल भरवाने के निर्देश दिए।
जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यार्थियों के माध्यम से यातायात नियमों के प्रति जागरूकता अभियान चलाने तथा विद्यालयों में रैलियां आयोजित कराने को कहा। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, नशे में वाहन चलाने और रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
नाबालिग से दुष्कर्म करने के आरोपी को 10 साल की सजा , 16 साल बाद आया फैसला
बहराइच। ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान में बौंडी थाने में वर्ष 2009 में दर्ज नाबालिग को भगाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में अदालत ने दोषी अभियुक्त को सजा सुनाई है। षष्ठम अपर सत्र न्यायाधीश जमाल मोहम्मद अकबर ने शनिवार को अभियुक्त सुभाष यादव निवासी गोलागंज, थाना बौंडी को दोषी करार दिया।
अभियोजन के अनुसार, वर्ष 2009 में एक व्यक्ति ने अपनी 15 वर्षीय पुत्री के घर से गायब होने और सुभाष यादव द्वारा उसे बहला-फुसलाकर भगा ले जाने तथा उसके साथ दुष्कर्म करने की तहरीर दी थी। इस पर 31 जुलाई 2009 को बौंडी थाने में धारा 376, 363 और 366 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचक उपनिरीक्षक रामसेवक मिश्रा ने साक्ष्य और गवाहों के बयान के आधार पर 22 अगस्त 2009 को आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया।
अदालत ने धारा 376 में 10 वर्ष सश्रम कारावास व 20 हजार रुपये जुर्माना, धारा 366 में पांच वर्ष सश्रम कारावास व पांच हजार रुपये जुर्माना तथा धारा 363 में तीन वर्ष सश्रम कारावास व तीन हजार रुपये जुर्माना सुनाया। जुर्माना न देने पर अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
मामले में पुलिस की ओर से अभियोजन अधिकारी प्रमोद कुमार सिंह, कोर्ट मोहर्रिर हेड कांस्टेबल पवन कुमार मौर्या और थाना पैरोकार अरविंद कुमार चौरसिया ने पैरवी की।
महज दो घंटे में दिव्यांग की वरासत, लेखपाल की तत्परता की हो रही सराहना
घर पहुंचकर पूरी कराई प्रक्रिया, आदेश के बाद खतौनी में भी हुई तत्काल प्रविष्टि
बहराइच।
तहसील महसी क्षेत्र में तैनात लेखपाल रोहित शुक्ल ने मानवीय संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करते हुए एक दिव्यांग व्यक्ति की लंबित वरासत की प्रक्रिया महज दो घंटे में पूरी करा दी। लेखपाल की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है ग्राम सबलापुर निवासी संदीप कुमार पुत्र हनुमान दिव्यांग हैं। उनकी वरासत का मामला काफी समय से लंबित चल रहा था। इसकी जानकारी मिलते ही लेखपाल रोहित शुक्ल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बिना किसी देरी के संदीप कुमार के आवास पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी लेखपाल ने मौके पर ही संबंधित दस्तावेज तैयार कराए और परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद महज दो घंटे के भीतर ऑनलाइन वरासत दर्ज कर दी गई। इसके बाद वरासत आदेश पारित होने पर खतौनी में भी तत्काल प्रविष्टि करा दी गई।
लेखपाल की इस तत्परता से दिव्यांग संदीप कुमार और उनके परिवार को काफी राहत मिली। सरकारी कार्य के लिए तहसील के चक्कर लगाने की परेशानी से बचाते हुए अधिकारी-कर्मचारी के घर पहुंचकर प्रक्रिया पूरी कराने के इस प्रयास को जनहित की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है लेखपाल रोहित शुक्ल की त्वरित एवं जनहितैषी कार्यशैली की उपजिलाधिकारी महसी तथा तहसीलदार महसी द्वारा भी भूरी-भूरी प्रशंसा की गई। अधिकारियों ने उनकी तत्परता को सराहनीय बताते हुए कहा कि इस तरह की संवेदनशील कार्यशैली से आमजन का सरकारी व्यवस्था के प्रति भरोसा मजबूत होता है।
अलग गांवों में वाहनों की टक्कर से वृद्धा समेत दो युवकों की मौत
बहराइच। नानपारा कोतवाली इलाके के दो अलग अलग गांवों में वाहनों की टक्कर से वृद्धा समेत चाचा भतीजे की मौत हो गईं। पुलिस ने तीनों को शवों को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। शुक्रवार देर रात इलाके के मोतीपुरवा निवासी 65 वर्षीय लीला शौच के लिए जा रही थी तभी गांव स्थित डेरी पर दूध लेने आई पिकप ने टक्कर मार दी जिससे महिला गम्भीर रूप से घायल हो गई। स्वजन आनन फानन में सीएचसी लाए जहां इलाज के दौरान वृद्धा की मौत हो गई। दूसरी ओर जीविकोपार्जन के लिए लखनऊ से कमाकर वापस लौट रहे पिता को लेने आए बाइक सवार चाचा भतीजे को ककरहा गांव के पास अज्ञात बोलोरो ने टक्कर मार दी जिससे दोनो गम्भीर रूप से घायल हो गए ग्रामीणो की सूचना पर पहुचे स्वजन सीएचसी लाए जहां चिकित्सकों ने दोनो युवको को मृत घोषित कर दिया । स्वजन ने बताया कि 25 वर्षीय अनुज के पिता समयदिन लखनऊ मे जीविकोपार्जन लिए काम करते है वह वापस आ रहे थे उन्हें लेने अनुज अपने चाचा 28 वर्षीय प्रमोद के साथ गया था । लेकिन समयदीन दूसरे साधन से गांव आ गए, वापस लौटने के दौरान ककरहा के पास अज्ञात बोलरो ने टक्कर मार दी जिससे दोनो गम्भीर रूप से घायल हो गए सीएचसी में चिकित्सको ने युवको को मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष गुरुसेन सिंह ने बताया कि तीनों शवो को पीएम के लिए भेजा गया है विधिक कार्यवाही की जा रही है।
चारपाई पर सो रहे ग्रामीण पर तेंदुए ने किया हमला, दहशत
बहराइच। सुजौली रेंज के टपरा बाजार में शुक्रवार रात 11 बजे देर रात तेंदुए ने चारपाई पर सो रहे ग्रामीण पर हमला कर घायल कर दिया। तेंदुए ने पंजे से सिर पर वार किया। घायल को पीएचसी से सीएचसी रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार टपरा बाजार निवासी बलीराम 37 पुत्र मोती रात में अपने फूस के कच्चे मकान के बाहर चारपाई पर सो रहा था। तभी तेंदुआ घात लगाकर अंदर घुसा और सो रहे ग्रामीण पर झपट्टा मार दिया। चीख-पुकार सुनकर परिजन और पड़ोसी लाठी-डंडा लेकर दौड़े, तो तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया।
परिजनों ने घायल को तत्काल सुजौली पीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मोतीपुर सीएचसी रेफर कर दिया। सिर में जख्म हैं।
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले तीन दिन से इसी इलाके में तेंदुआ देखा जा रहा है। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है।
रेन्जर नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि ग्रामीणो को वन विभाग की टीम द्वारा अलर्ट किया गया है गश्त बढ़ा दी गयी है।
कैरियर काउन्सिलिंग सत्र का भरपूर लाभ उठाएं छात्र-विधायक राम निवास वर्मा
सौरभ श्रीवास्तव
बहराइच। जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित हो रहे सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत राजकीय पॉलीटेक्निक प्रशिक्षण संस्थान में कैरियर काउन्सिलिंग सत्र का आयोजन किया गया। कैरियर काउन्सिलिंग सत्र को सम्बोधित करते करते हुए मुख्य अतिथि विधायक नानपारा राम निवास वर्मा ने छात्र-छात्राओं का आहवान किया कि ऐसे अवसरों का भरपूर लाभ उठाकर शैक्षिक योग्यता के अनुसार मिलने वाले अवसरों को बढ़ायें। श्री वर्मा ने छात्र-छात्राओं को यह भी सुझाव दिया कि सेवायोजन विभाग के रोज़गार संगम व सेवायोजन पोर्टल पर अपना पंजीकरण अवश्य करायें ताकि आप को देश के साथ-साथ विदेशों में भी उपलब्ध अवसरों का लाभ मिल सके। कैरियर काउन्सिलिंग सत्र को सम्बोधित करते हुए विषय विशेषज्ञ अभिषेक सिंह द्वारा तकनीकी क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों के सम्बन्ध में विस्तृत प्रकाश डालते हुए महत्वपूर्ण सुझाव दिये गये।
भाकियू भानू ने चलाया सदस्यता अभियान,संगठन विस्तार को मिली रफ्तार
जरवल रोड संवाददाता
बहराइच। भारतीय किसान यूनियन भानू ने संगठन विस्तार को लेकर जरवल क्षेत्र में सदस्यता अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को ग्राम हसनापुर धवरिया में आयोजित अभियान के दौरान संगठन ने विभिन्न स्तरों पर नई जिम्मेदारियां सौंपते हुए 15 पदाधिकारियों की नियुक्ति की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का संकल्प लिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह के निर्देश पर राष्ट्रीय मुख्य महासचिव चन्द्र भान सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष विधि प्रकोष्ठ जाकिर अली और जिलाध्यक्ष बहराइच धरम चन्द्र महेश की मौजूदगी में नियुक्तियों की घोषणा की गई। मोहम्मद रऊफ उर्फ पन्नू को मण्डल सचिव गोंडा, हाजी मोहम्मद सईद क़ादरी को जिला उपाध्यक्ष, मोहम्मद इरफान को जिला संयोजक, मोहम्मद मुकीद मलिक को जिला प्रवक्ता, रिजवान अंसारी को जिला संगठन मंत्री, आजम अली बकाई को जिला सचिव, नसीफ अहमद को जिला सचिव, मोहम्मद राशिद खान को जिला संगठन मंत्री तथा तौहीद अहमद को जिला कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया। वहीं राम बहादुर यादव को तहसील उपाध्यक्ष कैसरगंज, वकील अहमद को तहसील मीडिया प्रभारी कैसरगंज, मोहम्मद शकील को ब्लॉक उपाध्यक्ष जरवल, मुनीर अहमद को ब्लॉक सचिव जरवल और मोहम्मद कलीम को ब्लॉक संगठन मंत्री जरवल की जिम्मेदारी दी गई। पदाधिकारियों को संगठन की नीतियों के अनुरूप कार्य करते हुए किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और संगठन का विस्तार गांव-गांव तक करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।



