बहराइच की खबर एक क्लिक में

बकरी द्वारा फूल खाने विवाद में दूसरे व्यक्ति को दबंग ने मारी कुल्हाड़ी, युवक गंभीर रूपसे घायल।
मोतीपुर बहराइच। थाना मोतीपुर क्षेत्र अंतर्गत मिहींपुरवा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 14 के मोहल्ला सुक्खापुरवा निवासी सत्य प्रकाश पुत्र रामकुमार ने थाना मोतीपुर में तहरीर देते हुए गांव निवासी विपक्षी दीपक पटेल,दिलीप पटेल पुत्रगण रघुनंदन पटेल, रेखा पत्नी दीपक पटेल व सूरज पुत्र रमेश निवासीगण सुक्खापुरवा पर आरोप लगाते हुए कहा कि मुझे बकरी चराने को लेकर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली गलौज दे रहे थे। जिसका मैंने विरोध करते हुए कहा कि मेरी बकरी ने आपका फूल नहीं खाया है। इसके बाद पति-पत्नी समेत चार लोगों ने मुझे मुको वाला थी डंडा से मारा पीटा वह धारदार हथियार से वार करते हुए मुझे गंभीर रूप से घायल कर दिया है।इसके साथ ही जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं। मारपीट में मुझे गंभीर चोटें आई हैं। थानाध्यक्ष से अनुरोध कर रहा हूं कि घटना की जांच कर उचित कार्यवाही करने की कृपा करें। इस संबंध में पूछे जाने पर थाना अध्यक्ष ब्रह्मा गोंड ने बताया कि तहरीर मिली है घटना की जांच कर उचित कार्यवाही की जा रही है।
शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म व लाखों की ठगी, एसपी से लगाई गिरफ्तारी की गुहार
बहराइच। रिसिया इलाके की एक युवती ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर दुष्कर्म, धमकी व धोखाधड़ी के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।
महिला रिसिया मोड़ पर किराए के मकान में रहती है। पीड़िता का आरोप है कि अलिया बुलबुल निवासी युवक ने शादी का झांसा देकर करीब दो वर्ष तक उसका शारीरिक शोषण किया। आरोप है कि आरोपी ने उसका ब्यूटी पार्लर बेचवा दिया और होटल का करीब सात लाख रुपये का सामान अपने घर ले गया। शादी के लिए दबाव बनाने पर आरोपित उसे कौशांबी के भोवापुर ले गया। छह माह बाद उसे छोड़कर भाग गया।
पीड़ित महिला का कहना है कि अलिया बुलबुल निवासी जबीउल्ला के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। इसके बावजूद पुलिस आरोपित की गिरफ्तारी में टालमटोल कर रही है। आरोप लगाया कि आरोपित व उसके परिवारजन सुलह न करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़िता ने एसपी से आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
अमकोलवा के घिसनीपुरवा में सियार का आतंक, मां-बेटी समेत चार घायल
गन्ने के खेत में अचानक सियार ने बोला हमला, वन विभाग ने शुरू की कांबिंग
बहराइच। थाना विशेश्वरगंज क्षेत्र के ग्राम पंचायत अमकोलवा के घिसनीपुरवा में रविवार को सियार के हमले से हड़कंप मच गया। गन्ने के खेत में अचानक पहुंचे सियार ने मां-बेटी समेत चार लोगों को अपना निशाना बना लिया। हमले में सुनीता देवी 39, उनकी बेटी माधुरी 10, दीपक कुमार 7 और अंजनी 15 घायल हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों के मुताबिक, खेत में काम के दौरान अचानक सियार सामने आ गया और लोगों पर हमला कर दिया। देखते ही देखते मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर सियार को भगाया, जिसके बाद वह गन्ने के खेत की ओर भाग गया। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकट्टा ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सुनीता देवी को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। अन्य घायलों का उपचार किया गया।
वन विभाग के अधिकारियों ने लिया जायजा
चार लोगों पर सियार के हमले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम गांव पहुंच गई। टीम ने गन्ने के खेत और आसपास के इलाके में कांबिंग कर वन्यजीव की तलाश शुरू की। मौके पर प्रधान मुख्य वन संरक्षक अनुराधा वेमुरी और अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक रेणु सिंह समेत वन विभाग के अधिकारियों ने पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी लेने के साथ ही क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। सियार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए गांव में सीसीटीवी कैमरे लगाने की तैयारी भी की जा रही है।
अकेले खेतों की ओर न जाने की सलाह
वन विभाग की ओर से ग्रामीणों को सतर्क रहने और खेतों की ओर अकेले न जाने की सलाह दी गई है। ग्रामीणों से समूह में निकलने तथा वन्यजीव दिखाई देने पर उसके पीछे न भागने और तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।
पहले भी वन्यजीवों के हमलों से दहला है जिला
बहराइच में पिछले दो वर्षों के दौरान महसी और कैसरगंज क्षेत्र के घाघरा कछार में वन्यजीवों के हमलों में कई लोगों की जान जा चुकी है। अब विशेश्वरगंज के अमकोलवा के घिसनीपुरवा में सियार के हमले ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। वन विभाग की टीमें क्षेत्र में लगातार निगरानी और गश्त कर रही हैं।
बाग में मिला कबाड़ व्यवसायी का शव, हत्या की आशंका
शनिवार को कबाड़ खरीदने के लिए घर से निकला था युवक
बहराइच। कबाड़ खरीदने के लिए घर से निकले व्यवसायी का शव रविवार सुबह बाग में झाड़ियों में मिला। पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के भाई की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। ग्रामीण व्यवसायी के हत्या की आशंका जता रहे हैं।
रुपईडीहा के रंजीतबोझा निवासी तसव्वर उर्फ शब्बीर कबाड़ खरीद फरोख्त का काम करते थे। परिवारजन के मुताबिक शनिवार सुबह वह कबाड़ खरीदने के लिए साइकिल लेकर घर से निकले, इसके बाद देर शाम तक वह वापस नहीं आए। परिवारजन उनकी तलाश में लगे हुए थे। रविवार सुबह प्राथमिक विद्यालय जाने वाले मार्ग पर गांव निवासी धनीराम के बाग में कुछ लोगों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। शव मिलने की जानकारी से इलाके में हलचल मच गई। पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान शब्बीर के रूप में की। व्यवसायी की मौत से परिवारजन रोने लगे। मृतक के भाई रज्जब अली ने पुलिस को तहरीर देकर संदिग्ध मौत होने और जांच की मांग की। परिवारजन ने बताया कि पुलिस को बताया कि वह नेपाल से भी कबाड़ खरीद करते थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम स्तरीय बाल संरक्षण समिति की बैठक सम्पन्न
बहराइच। देहात इंडिया संस्था के तत्वावधान एसेक्स टू जस्टिस परियोजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत पटखौली, ब्लॉक हुजूरपुर, जनपद बहराइच में ग्राम स्तरीय बाल संरक्षण समिति की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।
इस बैठक में ग्रामस्तरीय हितधारकों, पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं समुदाय के अन्य महत्वपूर्ण सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्राम स्तर पर बच्चों से जुड़ी समस्याओं की पहचान कर उनका समाधान सुनिश्चित करना था। बैठक में बच्चों के अधिकारों, शिक्षा, सुरक्षा, और स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर गहन चर्चा की गई। साथ ही, सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर समुदाय को उनके लाभ से अवगत कराया गया।
बैठक में उपस्थित देहात इंडिया के रचना मिश्रा ने बच्चों के अधिकारों, उनकी सुरक्षा, और सामाजिक कल्याण योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बाल संरक्षण समिति की भूमिका को रेखांकित करते हुए सभी सदस्यों से सक्रिय रूप से बच्चों के हित में कार्य करने की अपील की।
यह बैठक बाल अधिकारों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रही, जिसमें समुदाय को जागरूक कर बच्चों के लिए एक सुरक्षित और सशक्त वातावरण निर्मित करने का संकल्प लिया गया। बैठक में ग्राम प्रधान विश्वनाथ कश्यप बाल कल्याण पुलिस योगेन्द्र यादव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बनिता देवी, आशा बहुएँ बाल संसद के बच्चे एवं प्रधानाध्यापक, शिक्षा मित्र, कोटेदार, ग्रामीण तथा देहात संस्था से रचना मिश्रा ने प्रतिभाग किया और बाल संरक्षण के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए।




