सुल्तान पुर न्यूज़ अपडेट

सोशल मीडिया से पहले सेवा, फिर प्रचार—महाकाल की टीम ने पेश की मिसाल
सोहगौली में पुल के किनारे बह गई मिट्टी को युवाओं ने खुद उठाया, श्रमदान कर राहगीरों का रास्ता किया सुगम
अभयनन्द क्राइम ब्यूरो चीफ
सोहगौली कुड़वार, सुल्तानपुर।
समाज सेवा केवल शब्दों और सोशल मीडिया की तस्वीरों तक सीमित नहीं, बल्कि जरूरत के समय जमीन पर उतरकर लोगों की परेशानी दूर करने का नाम है। इसी सोच को चरितार्थ करते हुए सोहगौली युवा मंच के तेजतर्रार साथी अंकित पांडे ‘महाकाल’ ने रविवार सुबह अपने दर्जनों युवा साथियों के साथ ऐसा सराहनीय कार्य किया, जिसकी क्षेत्र में चर्चा हो रही है।
ग्राम सभा सोहगौली में पाल बस्ती से नहर होते हुए चौरा बाबा जाने वाले मार्ग पर बने पुल के किनारे बारिश के कारण मिट्टी बह गई थी। इससे राहगीरों, ग्रामीण किसानों, महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
लोगों की समस्या को देखते हुए अंकित पांडे ‘महाकाल’ अपने युवा साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और खुद फावड़ा उठाकर श्रमदान शुरू कर दिया। युवाओं ने मिलकर पुल के दोनों तरफ बह गई मिट्टी को दोबारा डालकर रास्ते को दुरुस्त किया और आमजन के आवागमन को आसान बनाया।
अंकित पांडे ‘महाकाल’ ने कहा कि “हमारे लिए समाज सेवा दिखावे का विषय नहीं है। सोशल मीडिया पर दिखाने से पहले हम स्वयं उस काम को जमीन पर करने में विश्वास रखते हैं। अगर हर व्यक्ति अपने आसपास की छोटी-छोटी समस्याओं को अपनी जिम्मेदारी समझकर दूर करने लगे, तो समाज की तस्वीर बदल सकती है।”
युवा साथियों की इस पहल ने यह संदेश दिया कि बदलाव के लिए हमेशा किसी बड़े पद या सरकारी व्यवस्था का इंतजार जरूरी नहीं—जहां समस्या दिखाई दे, वहीं से समाधान की शुरुआत की जा सकती है।
सोहगौली युवा मंच ऐसे जागरूक और सेवाभावी युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है, जो अपने श्रम और सेवा से समाज में सकारात्मक बदलाव की नई राह बना रहे हैं।
इस मौके पर वरिष्ट समाजसेवी एवं महाकाल भक्त अंकित पांडे महाकाल, अभिषेक पाल ,सोनू पाल ,निशा मणि तिवारी ,श्यामेंद्र तिवारी, सूरजपाल आदि समाज सेवी व महाकाल भक्त उपस्थित रहे
सेवा ऐसी कीजिए, दिखावा रहे न साथ।
जिससे जन का दर्द घटे, वही सच्ची सौगात।।

घर फाउंडेशन का ‘युवा रक्तदान शिविर’ आयोजित
एसपी विनीत जायसवाल ने युवाओं को किया प्रेरित
बदलता स्वरूप
सुलतानपुर। जनपद के जिला अस्पताल में रविवार को ‘घर फाउंडेशन’ की ओर से ‘युवा रक्तदान शिविर’ का भव्य आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं को इस सामाजिक व मानवीय अभियान से जोड़ना था, ताकि वे भविष्य में भी नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आ सकें।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने रक्तदान करने वाले युवाओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने कहा कि रक्तदान एक अत्यंत पुनीत कार्य है, जिसके माध्यम से हम किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकते हैं। समाज के प्रति युवाओं की यह सकारात्मक और संवेदनशील सोच बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं स्वेच्छा से रक्तदान करें और अन्य लोगों को भी इस महादान के लिए प्रेरित करें। एसपी ने घर फाउंडेशन की इस सराहनीय पहल की जमकर प्रशंसा की।
इस अवसर पर जिला अस्पताल के डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों की टीम के साथ-साथ घर फाउंडेशन के अध्यक्ष अनुराग गुप्ता, उपाध्यक्ष सौरभ अग्रवाल व हिमांशु श्रीवास्तव, सचिव हिमांशु अग्रवाल, कोषाध्यक्ष शिव प्रसाद वर्मा, प्रबंधक गौरव, तथा सदस्य अनंत, सनी, अनूप गुप्ता, प्रह्लाद और विकास गुप्ता समेत बड़ी संख्या में स्थानीय युवा उपस्थित रहे।

सुलतानपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी
गुम हुए 23 लाख कीमत के 151 स्मार्टफोन्स बरामद कर लौटाए
बदलता स्वरूप
सुलतानपुर। पुलिस एवं सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी सर्विलांस का उपयोग करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने जिले के विभिन्न थानों में दर्ज शिकायतों और पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गुम हुए कुल 151 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद किए गए मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹23 लाख बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर विनीत जायसवाल के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह के निकट पर्यवेक्षण में सर्विलांस प्रभारी उ0नि0 शिवानन्द यादव व उनकी टीम द्वारा यह विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस कार्यालय में सभी 151 मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों के सुपुर्द कर दिए गए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर आवेदकों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने सुलतानपुर पुलिस का सहदय आभार व्यक्त किया।
ब्रांड वार बरामदगी:
पुलिस द्वारा बरामद किए गए 151 फोन में सबसे अधिक Vivo के 40, Realme के 26, Oppo के 20, Redmi के 15, Samsung के 14, Poco के 8, Moto के 7, Lava के 6, OnePlus के 5, Infinix के 3, iQOO के 3 तथा Tecno, Itel, Nothing व Honor का 1-1 मोबाइल शामिल है।




