बहराइच न्यूज़ बुलेटिन 21/09/26

सड़क किनारे झाड़ियों में मिला 40 वर्षीय युवक का शव, नहीं हो सकी शिनाख्त
बहराइच। दरगाह थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह सड़क किनारे झाड़ियों में करीब 40 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवक के कंधे पर चोट के निशान मिले हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव की फोटोग्राफी कराने के बाद जिला अस्पताल की मर्चरी में रखवा दिया है।


महराज गांव के पास सोमवार सुबह करीब नौ बजे ग्रामीणों ने सड़क किनारे गड्ढे में लगी झाड़ियों के बीच युवक का शव पड़ा देखा। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना दरगाह थाने की पुलिस को दी। थाना प्रभारी अमितेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।


पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से मृतक के बारे में जानकारी जुटाई और उसकी पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई भी युवक की पहचान नहीं कर सका। तलाशी के दौरान उसके पास से ऐसा कोई दस्तावेज भी नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके।
थाना प्रभारी अमितेंद्र सिंह ने बताया कि युवक के कंधे पर चोट के निशान पाए गए हैं। प्रथम दृष्टया देर रात किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा होने की आशंका है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच के साथ मृतक की पहचान कराने के प्रयास कर रही है।

अपराध नियंत्रण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, पीड़ितों की शिकायतों का हो त्वरित निस्तारण : एसपी

बहराइच। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी की। सुबह 11 बजे आयोजित गोष्ठी में एएसपी नगर आयुष विक्रम सिंह, एएसपी ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, प्रतिसार निरीक्षक और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे।

एसपी ने कानून-व्यवस्था और अपराध की स्थिति की समीक्षा करते हुए अपराध नियंत्रण, प्रभावी गश्त और पुलिसिंग को मजबूत करने के निर्देश दिए। थानों पर आने वाले पीड़ितों और शिकायतकर्ताओं से सम्मानजनक व्यवहार करते हुए शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। महिला अपराध, पॉक्सो, एससी-एसटी एक्ट और गंभीर अपराधों की लंबित विवेचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।
वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी, आदतन अपराधियों की निगरानी और चोरी, लूट, नकबजनी, अवैध शस्त्र, मादक पदार्थ, पशु तस्करी, अवैध खनन तथा संगठित अपराधों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई पर जोर दिया गया। रात्रि गश्त, संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की चेकिंग और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने को कहा गया।

त्योहारों को लेकर विशेष सतर्कता के निर्देश
आगामी गणेश विसर्जन, अनंत चतुर्दशी, पितृपक्ष, शारदीय नवरात्रि और विजयादशमी के मद्देनजर एसपी ने संवेदनशील एवं धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, रूट मार्च और फ्लैग मार्च कराने तथा पीस कमेटी की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए। आयोजकों, धर्मगुरुओं और संभ्रांत लोगों से लगातार संवाद बनाए रखने तथा धार्मिक जुलूसों के मार्गों का पूर्व निरीक्षण कर यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

सोशल मीडिया पर अफवाह और भ्रामक सूचनाओं की निगरानी, साइबर अपराधों की रोकथाम, डायल-112 की पीआरवी व्यवस्था और भारत-नेपाल सीमा पर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। डिजिटल पुलिसिंग के तहत यक्ष एप, ई-सम्मन, ई-साक्ष्य, सीसीटीएनएस, सीएम डैशबोर्ड और सिटिजन सर्विसेज का प्रभावी उपयोग कर लंबित कार्यों का निस्तारण करने को कहा गया। ग्राम प्रधानों, ग्राम प्रहरियों, पुलिस मित्रों, जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत नागरिकों के साथ समन्वय बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

गन्ने का मूल्य 800 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग, बकाया भुगतान ब्याज सहित दिलाने की मांग

बहराइच। सोमवार की दोपहर एक बजे भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष रामछबी की ओर से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि को सौंपकर किसानों के गन्ने का मूल्य बढ़ाने और चीनी मिलों पर बकाया भुगतान ब्याज सहित कराने की मांग की गई है।

ज्ञापन में कहा गया है कि गन्ने की लागत बढ़ने के कारण किसानों को काफी नुकसान हो रहा है। किसान अपनी लागत भी नहीं निकाल पा रहे हैं। ऐसे में किसानों के गन्ने का मूल्य कम से कम 800 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए। साथ ही चीनी मिलों द्वारा किसानों के गन्ने का बकाया भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिससे किसान आर्थिक परेशानी की कगार पर पहुंच चुके हैं।

किसान यूनियन ने मांग की कि चीनी मिलों द्वारा किसानों के गन्ने का भुगतान ब्याज सहित कराया जाए। जब तक बकाया भुगतान नहीं होता, तब तक किसानों की ओर से मिलों को गन्ने की आपूर्ति बंद करने की व्यवस्था की जाए। ज्ञापन में किसानों द्वारा लिए गए कृषि ऋण को माफ करने की मांग भी की गई है।

मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व के लिए दौड़ेगा ‘आपका प्रहरी’ रथ, ग्रामीणों को करेगा जागरूक

वर्तमान समय में कतर्नियाघाट के आनंद नगर, चहलवा, मंगलपुरवा आदि क्षेत्र में कार्यरत भी है

बिछिया, बहराइच। विश्व गेंडा संरक्षण दिवस की पूर्व संध्या पर कतर्नियाघाट में मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने के लिए अनोखी पहल शुरू हो रही है। सोमवार से सुजौली रेंज के सीतारामपुरवा पंचायत में ‘आपका प्रहरी’ जन जागरूकता अभियान की शुरुआत होगी।
यह अभियान वाइल्डलाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया के तराई टाइगर प्रोजेक्ट और कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के संयुक्त तत्वावधान में चलाया जा रहा है। विदित हो कि सीतारामपुरवा में हाल ही में तेंदुए के हमले में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई थी। इसी के बाद से लगातार वन्यजीव दिखने की सूचनाएं मिल रही हैं।
फील्ड ऑफिसर अर्चित मिश्रा ने बताया कि यह जागरूकता रथ सुबह-शाम संवेदनशील समय में गांव-गांव घूमकर साउंड सिस्टम से बचाव के उपाय बताएगा और पम्पलेट बांटेगा। साथ ही बच्चों, बुजुर्गों व महिलाओं की मदद भी करेगा।
संवेदनशील समयों मुख्य रूप से सुबह – शाम में यह जागरूकता रथ कार्यरत रहते हुए घूम घूमकर लोगों को वन्यजीवों से बचाव के सुरक्षित उपाय लगातार साउंड सिस्टम द्वारा बताएगा व सावधानी सुरक्षा के आवश्यक पम्पलेट्स भी बांटेगा।
इसके अतिरिक्त संवेदनशील समय व स्थानों पर दिखने वाले जरूरतमंदो जैसे बच्चों, बुजुर्गो, महिलाओं आदि की मदद भी करेगा। इससे पहले यह रथ मूर्तिहा, धर्मापुर, ककरहा रेंज में 5000 से अधिक लोगों को जागरूक कर चुका है।

Related Articles

Back to top button