नानपारा में आफत की बारिश: कच्ची दीवार गिरने से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत, दर्जनों मकान ढहे, प्रशासन अलर्ट पर

नानपारा में आफत की बारिश: कच्ची दीवार गिरने से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत, दर्जनों मकान ढहे, प्रशासन अलर्ट पर
नानपारा (बहराइच)। विगत तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है। एक तरफ जहां नानपारा प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद और अलर्ट मोड पर है, वहीं दूसरी ओर बारिश के कारण दर्जनों स्थानों पर पेड़ और दीवारें गिरने से एक व्यक्ति व एक मवेशी की जान चली गई।
कच्ची दीवार के नीचे दबने से हादसा
ग्राम भटेटा में शनिवार तड़के एक दुखद घटना सामने आई, जहां 45 वर्षीय मिश्री (पुत्र बाराती) की कच्ची दीवार के नीचे दबने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी (SDM) प्रकाश सिंह अपने अधीनस्थों के साथ पीड़ित परिवार के बीच पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और तत्काल आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान ग्रामीणों ने आवास योजना का लाभ न मिलने पर गहरा आक्रोश जताया। ग्रामीणों का कहना था कि गांव में अभी तक दर्जनों पात्र लोगों को पक्के मकान का लाभ नहीं मिल सका है, जिसके कारण ऐसे हादसे हो रहे हैं।
नदियों का जलस्तर बढ़ा, कई मकान जमींदोज
शिवपुर क्षेत्र के तटीय गांवों में चारों तरफ जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। नदियां उफान पर हैं और किनारे लांघने को बेताब दिख रही हैं। ग्राम झुंडी समेत आसपास के इलाकों में आधा दर्जन से अधिक आवासीय और गैर-आवासीय कच्चे मकानों के गिरने की सूचना है।
राहत और बचाव कार्य में जुटा प्रशासन
आपदा की इस घड़ी में प्रशासनिक अमला पूरी तरह से मैदान में डटा हुआ है। एसडीएम प्रकाश सिंह, तहसीलदार विकास कुमार, नायब तहसीलदार मथुरा प्रसाद, और ईओ रंग बहादुर सिंह के नेतृत्व में वन, विद्युत और नगरपालिका की टीमें लगातार कार्य कर रही हैं:
* रास्ते बहाल: आंधी और बारिश से गिरे पेड़ों को हटाकर यातायात सुचारू बनाया जा रहा है।
* विद्युत आपूर्ति: ठप पड़ी बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए टीमें लगातार प्रयासरत हैं।
* कंट्रोल रूम स्थापित: तहसील परिसर में कंट्रोल रूम बनाकर पल-पल की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
* मटेरा मार्ग साफ करने के निर्देश: मटेरा इलाके में पेड़ गिरने से बाधित हुए मुख्य मार्ग को साफ कराने के लिए एसडीएम ने बीडीओ और संबंधित विभाग को तत्काल मौके पर भेजा है।
ज़ीरो ग्राउंड रिपोर्ट: सीमा एम (संविधान चौक, नानपारा)

Related Articles

Back to top button