तेज हवाओं और भारी बारिश से गन्ने की फसल को खतरा, किसानों को जल्द बंधाई की सलाह
बदलता स्वरूप गोण्डा, बलरामपुर। तेज हवाओं और भारी बारिश के चलते खेतों में गन्ने की फसल गिरने से किसानों की परेशानी बढ़ सकती है। बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड ने किसानों को सलाह दी है कि गिरे हुए गन्ने की बंधाई का कार्य तत्काल शुरू कर अगले दो-तीन दिनों में पूरा कर लें।मिल की ओर से जारी किसान जागरूकता संदेश में बताया गया कि क्षेत्र में 103 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है और तेज हवाएं चल रही हैं। आगामी दो दिनों में 200 से 250 मिलीमीटर तक भारी बारिश होने का अलर्ट भी जारी किया गया है। ऐसी स्थिति में गन्ने के गिरने की संभावना बढ़ जाती है।मिल प्रबंधन के अनुसार गिरे हुए गन्ने में सियार, जंगली सूअर और चूहों का प्रकोप बढ़ जाता है। साथ ही पौधों के बाद पेड़ी में फुटाव कम होने से गन्ने की उपज प्रभावित होती है तथा गन्ने की छिलाई और लदाई में भी परेशानी आती है।चीनी मिल ने किसानों से अपील की है कि गिरे हुए गन्ने की बंधाई जल्द से जल्द कराकर फसल को नुकसान से बचाएं। समय पर बंधाई करने से गन्ने की फसल को सुरक्षित रखने के साथ उत्पादन बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।




