बहराइच न्यूज़ बुलेटिन 26sep2026

पीपल का पेड़ गिरने से ध्वस्त हुआ सोलर प्लांट

जरवलरोड, संवाददाता। लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश के बीच बीती रात विशालकाय पीपल का पेड़ गिरने से हरनी ओसेरी निवासी पद्माकर शुक्ला का 20 केवी क्षमता का सोलर प्लांट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक पेड़ गिरने से छत की रेलिंग सहित सोलर प्लांट में लगे आधे से अधिक सोलर पैनल टूटकर क्षतिग्रस्त हो गए।
पेड़ गिरने की तेज आवाज से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सुबह मौके पर पहुंचे लोगों ने बड़ी संख्या में सोलर पैनल टूटे और पेड़ के नीचे दबे पाए। प्लांट संचालक के मुताबिक हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। बताया कि सोलर प्लांट पर बैंक से ऋण भी लिया गया है, जिससे नुकसान के बाद आर्थिक परेशानी बढ़ गई है। पीड़ित ने क्षतिपूर्ति के लिए प्रशासन से सहायता की मांग की है।

🇨🇮🇨🇮🇨🇮🇨🇮🇨🇮🇨🇮🇨🇮🇨🇮🇨🇮🇨🇮🇨🇮🇨🇮🇨🇮🇨🇮🇨🇮🇨🇮🇨🇮

शरद पोरवाल बने श्रीराम लीला समिति एवं दशहरा महोत्सव के अध्यक्ष

जरवल रोड संवाददाता
बहराइच। श्रीराम लीला समिति एवं दशहरा महोत्सव जरवलरोड की नई कार्यकारिणी में सर्वसम्मति से श्री शरद पोरवाल को रामलीला समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। उनके अध्यक्ष चुने जाने पर समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

समिति के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि शरद पोरवाल के नेतृत्व में इस वर्ष रामलीला एवं दशहरा महोत्सव को भव्य, व्यवस्थित और श्रद्धापूर्ण तरीके से संपन्न कराया जाएगा। अध्यक्ष बनने पर श्री पोरवाल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सभी के सहयोग की अपील की।

🇨🇮🇨🇮🇨🇮🇨🇮🇨🇮🇨🇮🇨🇮🇨🇮🇨🇮🇨🇮🇨🇮🇨🇮🇨🇮🇨🇮🇨🇮🇨🇮🇨🇮

फैजाबाद गोरखपुर स्नातक निर्वाचन नामांकन का शुभारम्भ 29 सितम्बर से
राजनैतिक दलों को दी गई निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी
नामांकन की अन्तिम तिथि 6 अक्टूबर आयुक्त गोरखपुर का न्यायालय कक्ष होगा नामांकन स्थल

बदलता स्वरूप

बहराइच फैजाबाद गोरखपुर स्नातक निर्वाचन नामांकन की प्रक्रिया को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार बहराइच में जनपद के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन कार्यक्रम, नामांकन प्रक्रिया एवं निर्धारित व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी संबंधितों से निर्वाचन प्रक्रिया में निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के अनुरूप सहयोग की अपेक्षा की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि फैजाबाद गोरखपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 29 सितंबर 2026 से नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ होगी, जो प्रतिदिन पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक आयुक्त गोरखपुर के न्यायालय कक्ष में चलेगी। नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। प्राप्त नामांकन पत्रों की संवीक्षा 7 अक्टूबर को तथा नाम वापसी 9 अक्टूबर 2026 को होगी। नामांकन न्यायालय कक्ष, आयुक्त, गोरखपुर मंडल, गोरखपुर में किया जाएगा।
बैठक में नामांकन के लिए निर्धारित जमानत राशि के संबंध में भी जानकारी दी गई। सामान्य अभ्यर्थियों के लिए जमानत राशि 10 हजार रुपये, जबकि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए 5 हजार रुपये निर्धारित है। जमानत राशि नकद रूप में रिटर्निंग ऑफिसर के पास अथवा भारतीय रिजर्व बैंक/सरकारी कोषागार में जमा की जा सकती है।
जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने बैठक में उपस्थित सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचन कार्यक्रम एवं एजेंडा की प्रति उपलब्ध कराते हुए नामांकन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी दी। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित पक्षों से सहयोग की अपेक्षा की। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार समेत सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

गांधी जयन्ती पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को दिया गया अन्तिम रूप

बहराइच 28 सितम्बर। गॉंधी जयन्ती के शुभ अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूप-रेखा निर्धारित किये जाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने निर्देश दिया कि गॉधी जयन्ती को पूरी गरिमा एवं सम्मान के साथ मनाया जाय। सभी अधिकारी अपने स्तर से बेहतर से बेहतर ढंग से गॉधी जयन्ती समारोह का आयोजन करें। डीएम ने डीआईओएस व बीएसए को निर्देश दिया कि शिक्षण संस्थाओं में पोषण व स्वच्छता पर आधारित कार्यक्रम भी आयोजित किये जायें।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 02 अक्टूबर को गॉधी जयन्ती समारोह का शुुभारम्भ प्रातः 06ः30 बजे बच्चों की प्रभातफेरी से होगा और इन्दिरा स्टेडियम बहराइच से क्रास कंट्री दौड़ आयोजित की जायेगी। प्रातः 09ः00 बजे सभी राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा तत्पश्चात सभी कार्यालयों, विद्यालयों और दूसरी संस्थाओं के किसी बड़े कक्ष/हाल में महात्मा गॉंधी जी के चित्र का अनावरण व माल्यार्पण किया जायेगा तथा गोष्ठी आयोजित कर गांधी जी के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला जायेगा। प्रातः 09ः00 बजे ध्वजारोहण के पश्चात गांधीवादी जीवन दृष्टि का प्रचार तथा गांधी जी के जीवन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए जातिगत भेद-भाव से ऊपर उठकर समाज में समता और समरसता लाने पर बल दिया जाये। प्रदेश सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला, महिला हेल्प लाइन, निराश्रित महिला पेंशन, मिशन शक्ति, महिला समूहों, बीसी सखी व मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह आदि योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र महिलाओं को लाभान्वित कर आत्मनिर्भर बनाये जाने हेतु प्रचार-प्रसार किया जाय।
गॉंधी जयन्ती के अवसर पर प्रातः 10ः00 बजे जनपद के शहरी क्षेत्रों, नगर पंचायतों एवं गॉवों में अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा मलिन बस्ती में सफाई एवं स्वच्छता के कार्यक्रम संचालित किये जायेंगे। प्रातः 10ः00 बजे कुष्ठ आश्रम/जिला चिकित्सालय में कुष्ठ रोगियों की पहचान, चिकित्सा एवं कल्याण सम्बन्धी कार्यक्रम, शिक्षण संस्थाओं में महात्मा गॉधी जी के जीवन से सम्बन्धित चित्रकला एवं उनके विचारों की प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता तथा सत्य एवं अहिंसा का महत्व विषयक निबन्ध तथा गॉधी जी के विचारों की प्रासंगिकता विषयक वाद विवाद प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। प्रातः 10ः00 बजे से कलेक्ट्रेट परिसर स्थित स्वतन्त्रता संग्राम सेनानी विश्राम कक्ष में महात्मा गॉंधी जी के विचारों एवं आदर्शों के सम्बन्ध में विचार गोष्ठी तथा पीपल चौराहा स्थित श्री गॉधी आश्रम में चरखा द्वारा सूत कातने की प्रतियोगिता एवं पुरस्कार वितरण तथा खादी एवं अन्य स्वदेशी वस्तुओं के उत्पादन एवं उनके प्रयोग तथा बिक्री को प्रोत्साहित करने हेतु गोष्ठी आयोजित की जायेगी। गॉंधी जयन्ती के अवसर पर जेल में भी प्रेरणादायक कार्यकमों का आयोजन किया जायेगा।
गॉंधी जयन्ती के पुनीत अवसर पर ग्राम पंचायतों में गोष्ठी आयोजित होंगी जिसमें महात्मा गॉंधी जी के विचारों एवं आदर्शों पर प्रकाश डाला जायेगा तथा विकास सम्बन्धी शासन की प्राथमिकताओं से जन-सामान्य को अवगत कराते हुए उन्हें अपेक्षित सहयोग के लिए प्रेरित किया जायेगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि तहसील व विकास खण्ड क्षेत्र अन्तर्गत किसी एक गॉव मंे आयोजित गोष्ठी में उप जिलाधिकारी और खण्ड विकास अधिकारी भी सम्मिलित होंगे।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे, अपर जिलाधिकारी अरूण कुमार, जिला विकास अधिकारी राज कुमार, पीडी डीआरडीए मनीष कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी नरेन्द्र तिवारी सहित अन्य अधिकारी, विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के प्रधानाचार्य व सम्बन्धित मौजूद रहे।

गन्ना क्रय केंद्र बदले जाने के विरोध में किसानों ने किया प्रदर्शन

ऐरा चीनी मिल को गन्ना देने पर अड़े किसान

ऊर्रा / मिहीपुरवा- मनगौड़ीया चतुर्थ एवं तृतीय गन्ना क्रय केंद्र के क्षेत्र के किसानों ने अपने गन्ने को ऐरा चीनी मिल से ही संबद्ध रखने की मांग को लेकर अड़गोड़वा चौराहे पर धरना-प्रदर्शन किया। किसानों का कहना है कि उक्त क्रय केंद्रों को 24 सितंबर 2026 के एजीएम प्रस्ताव के माध्यम से नानपारा चीनी मिल से संबद्ध किए जाने की प्रक्रिया का वे विरोध करते हैं।

किसानों ने कहा कि वे लंबे समय से ऐरा चीनी मिल को गन्ना देते आ रहे हैं। उनका कहना है कि ऐरा चीनी मिल द्वारा गन्ने का उठान, गन्ना भुगतान, मिल संचालन के साथ-साथ नई गन्ना प्रजातियों के बीज, खाद एवं दवाओं का वितरण समय से किया जाता है। मिल के कर्मचारी एवं स्थायी कार्मिक किसानों के साथ मिलकर गन्ने की बुआई से लेकर गन्ने की खरीद तक की व्यवस्थाओं में सहयोग करते हैं।

किसानों का आरोप है कि नानपारा चीनी मिल का संचालन ऐरा चीनी मिल की अपेक्षा लगभग एक माह बाद होता है। इसके अलावा, किसानों के अनुसार नानपारा क्षेत्र में गन्ने के उठान में देरी के कारण कई बार गन्ने से भरी ट्रॉलियां पांच-छह दिन तक क्रय केंद्रों पर खड़ी रहती हैं, जिससे गन्ना सूखने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। किसानों ने मिल में बीच-बीच में होने वाले ब्रेकडाउन के कारण दो-तीन दिन तक पेराई प्रभावित होने की बात भी कही। ऐरा चीनी मिल को समय से गन्ना देने से पेराई पहले शुरू होने के कारण खेत खाली हो जाते हैं और किसान समय से गेहूं एवं सरसों की बुआई कर पाते हैं। वहीं, देर से पेराई होने पर अगली फसल की बुआई प्रभावित होने की आशंका रहती है।
उनकी मुख्य मांग है कि गन्ना क्रय केंद्रों को पूर्व की तरह ऐरा चीनी मिल से ही संबद्ध रखा जाए।

इस दौरान बलविंदर सिंह, सुखविंदर सिंह, नरेंद्र सिंह, गरीन्दर सिंह, परविंदर सिंह, प्रेमनाथ, शीतल, प्रमोद कुमार, रमेश, ब्रिजेश कुमार, सर्वण सिंह, रोशन सिंह, जयशंकर सिंह, पुत्तू सिंह, प्रशुदाम सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। किसानों ने मांग पूरी न होने पर आंदोलन को आगे बढ़ाने की बात कही।

मतदाता सूची में अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस का पैदल मार्च

कलेक्ट्रेट पहुंचकर चुनाव आयोग के खिलाफ जताया विरोध, पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की मांग

बहराइच। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के विरोध में सोमवार को एकदिवसीय पैदल मार्च निकाला गया। कांग्रेस भवन से शुरू हुआ मार्च कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था के समर्थन में नारे लगाए।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में मुख्य चुनाव आयुक्त के पुतले का दहन कर विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद हैं। उन्होंने मतदाता सूची में पारदर्शिता, चुनाव प्रक्रिया की शुचिता तथा प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की।

वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस मतदाताओं के अधिकारों और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेगी।

पैदल मार्च में शिवेंद्र प्रताप सिंह, हमजा शफीक, इमरान जमीर, चौधरी अब्दुल मोईद खान, आदर्श अग्रवाल, शाहिद जमील खान, मुस्तकीम सलमानी, गीता सिंह, अली अकबर पप्पू, डॉ. राजेश तिवारी, शेख जकरिया, राम गोपाल मिश्रा, मोहम्मद इस्लाम गुड्डू, डॉ. ए.एम. सिद्दीकी, शफीक कुरैशी, भोला कुरैशी, हनीफ चूना वाले, गोवर्धन लाल अवस्थी, अनिल सिंह, राहुल अवस्थी, जालिम सिंह, विद्यांश शुक्ला, मुनाऊ मिश्रा और जीतेन्द्र प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button