12 नाबालिग बच्चों को बाल तस्करी से बचाया, दो गिरफ्तार
मोतिहारी से कुरुक्षेत्र ले जाए जा रहे थे बच्चे, ठेकेदार समेत चार पर मुकदमा
बदलता स्वरूप
गोण्डा। रेलवे सुरक्षा बल, अपराध आसूचना शाखा गोण्डा, टीओपीबी टीम तथा सामाजिक संस्थाओं की संयुक्त टीम ने जननायक एक्सप्रेस में अभियान चलाकर 12 नाबालिग बच्चों का रेस्क्यू किया। बच्चों को मोतिहारी बिहार से कुरुक्षेत्र हरियाणा में चावल मिल में मजदूरी कराने के लिए ले जाया जा रहा था।
मामले में प्रमोद कुमार निवासी कटहा, थाना मेहसी, मोतिहारी और विजय साह निवासी मिथुनपुरा, थाना मेहसी, मोतिहारी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में ठेकेदार अनिल साह और मुकेश साह के माध्यम से बच्चों को ले जाने तथा उनके परिजनों को प्रलोभन देकर एडवांस धनराशि देने की बात सामने आई।
रेस्क्यू किए गए बच्चों में पवन, रवि किशन, पप्पू कुमार, राजेश, बुधन, नीरज, अखिलेश कुमार, दीपलाल, गणेश, रितेश, किताब कुमार और पंकज कुमार शामिल हैं। सभी की उम्र 12 से 16 वर्ष के बीच बताई गई है।
निरीक्षक उदय राज की तहरीर पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाना गोण्डा में चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। सभी बच्चों को चाइल्डलाइन गोण्डा द्वारा किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जहां से परिजनों को सुपुर्द करने की प्रक्रिया जारी है।
कार्रवाई में सीआईबी के लाल साहब सिंह, दिलीप कुमार सिंह, बबलू कुमार सिंह, आरपीएफ के मोहनलाल, दिनेश कुमार, टीओपीबी के संजय कुमार, बचपन बचाओ आंदोलन समिति के मनीष कुमार वर्मा, अपराजिता सामाजिक समिति के अभय पांडेय व आत्रेय त्रिपाठी शामिल रहे।




