पुलिस की पहल से टूटने से बचा परिवार, आपसी विवाद का हुआ समाधान
पुलिस की पहल से टूटने से बचा परिवार, आपसी विवाद का हुआ समाधान
बहराइच, 13 सितंबर। पुलिस अधीक्षक बहराइच श्री विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में पारिवारिक विवादों को सुलझाकर रिश्तों को बचाने की दिशा में किए जा रहे प्रयास के तहत परिवार परामर्श केंद्र ने एक परिवार के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने में सफलता हासिल की।
पारिवारिक विवाद को लेकर पुलिस अधीक्षक के समक्ष सुलह के लिए प्रार्थना पत्र दिया गया था। मामले के निस्तारण के लिए पुलिस अधीक्षक ने परिवार परामर्श केंद्र को निर्देशित किया। केंद्र के काउंसलर्स एवं पुलिस टीम ने दोनों पक्षों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें आपसी बातचीत तथा समझाइश के माध्यम से विवाद समाप्त करने के लिए प्रेरित किया।
काउंसलिंग के बाद दोनों पक्षों में आपसी सहमति बन गई। दोनों ने भविष्य में लड़ाई-झगड़ा न करने, एक-दूसरे का सम्मान करने तथा पारिवारिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए साथ रहने पर सहमति जताई।
परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने दंपति को आपसी सामंजस्य बनाए रखने और पारिवारिक जिम्मेदारियों का सही ढंग से निर्वहन करने की सलाह दी। पुलिस की इस पहल से एक परिवार को टूटने से बचाया जा सका।




