डीएम-एसपी ने बाबा बागेश्वर नाथ मंदिर व सरयू घाट का किया निरीक्षण
डीएम-एसपी ने बाबा बागेश्वर नाथ मंदिर व सरयू घाट का किया निरीक्षण
कजरी तीज पर्व के मद्देनजर सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का लिया जायजा
बहराइच, 13 सितम्बर। आगामी कजरी तीज पर्व के दृष्टिगत जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने रविवार को पांडव कालीन प्रसिद्ध बाबा बागेश्वर नाथ मंदिर तथा भग्गड़वा चौकी के निकट स्थित सरयू घाट, मंदिर एवं तालाब परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था एवं सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर, सरयू घाट एवं तालाब क्षेत्र में प्रवेश-निकास, बैरिकेडिंग, आवागमन तथा पुलिस बल की तैनाती के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कजरी तीज पर्व के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर यातायात डायवर्जन की कार्ययोजना तैयार रखने के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने को भी कहा गया।
घाट एवं तालाब क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विशेष सतर्कता बरतने तथा भीड़ का दबाव बढ़ने की स्थिति में प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी रखने को कहा गया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, एसडीएम पयागपुर संजय पांडेय, क्षेत्राधिकारी पयागपुर हर्षिता तिवारी, तहसीलदार अंबिका चौधरी, स्थानीय थाना प्रभारी एवं खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




