कजरी तीज पर सरयू तट पर उमड़ा आस्था का सैलाब

लाखों कांवरियों ने भरी सरयू से पवित्र जलधारा
‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से शिवमय हुआ मार्ग
पंकज सिन्हा
गोण्डा। कजरी तीज के पावन अवसर पर कर्नलगंज स्थित कटरा घाट के सरयू तट पर रविवार को आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। शनिवार देर रात से ही दूर-दराज से पहुंचे शिवभक्तों और कांवरियों का सरयू घाट पर पहुंचना शुरू हो गया था। श्रद्धालु सरयू में स्नान कर पवित्र जल भरकर जनपद के विभिन्न शिवालयों की ओर रवाना होते रहे। दिन चढ़ने के साथ घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती गई।
सरयू से जल लेकर बड़ी संख्या में कांवरिए सोमवार को गोंडा के प्रसिद्ध दुखहरनाथ मंदिर एवं पृथ्वीनाथ मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। कांवर यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह और भक्ति देखने को मिली।
कांवर यात्रा में दिखे आस्था के अलग-अलग रंग
सरजू घाट से शिवालयों की ओर बढ़ रहे कांवरियों में आस्था के अलग-अलग रंग दिखाई दिए। कोई लेटकर कांवर यात्रा करता नजर आया तो कोई दौड़ते हुए अपनी मंजिल की ओर बढ़ रहा था। कई श्रद्धालु बड़ी मात्रा में सरयू जल लेकर चल रहे थे। वहीं कुछ कांवरिए भगवान शिव का रूप धारण कर यात्रा करते दिखाई दिए।
कई कांवरियों के जत्थे शिव बारात की तरह सजे हुए थे। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों, ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से पूरा मार्ग शिवमय नजर आया। श्रद्धालुओं के उत्साह और भक्ति ने कजरी तीज के पर्व को और भी भव्य बना दिया है
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात एवं स्वास्थ्य व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। जनपद को विभिन्न सेक्टरों में बांटकर सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। घाट एवं प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल और पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं।
सरयू तट पर गोताखोरों की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। इसके साथ ही जगह-जगह पुलिस एवं मेडिकल टीमें तैनात हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई है। घाट की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही है।
कांवरियों की सेवा के लिए मार्ग में जगह-जगह विशाल भंडारों का आयोजन किया गया है। श्रद्धालुओं को भोजन, पानी एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। स्थानीय लोगों और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा कांवरियों की सेवा में बढ़-चढ़कर सहभागिता की जा रही है।
काली भवानी मंदिर के सामने रेड क्रॉस का स्वास्थ्य शिविर
*
कांवरियों एवं श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, गोण्डा की ओर से काली भवानी मंदिर के ठीक सामने स्वास्थ्य शिविर लगाया गया है। जिलाधिकारी के निर्देशन में लगाए गए इस शिविर में श्रद्धालुओं को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्षएवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी श्री संतलाल पटेल के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम श्रद्धालुओं की सेवा में जुटी हुई है। शिविर के माध्यम से कांवरियों को प्राथमिक उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
खबर लिखे जाने तक बड़ी संख्या में कांवरिए सरयू घाट से जल लेकर पृथ्वीनाथ, दुखहरनाथ एवं अन्य शिवालयों की ओर रवाना हो चुके थे। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए है। कटरा घाट से लेकर कांवरियों के प्रमुख मार्गों तक जगह-जगह सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
कजरी तीज पर सरयू तट से लेकर शिवालयों तक दिखाई दे रहा यह आस्था का सैलाब भगवान शिव के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और भक्ति का प्रतीक बना हुआ है।





