गणेश चतुर्थी पर शहर से गांव तक गूंजा गणपति बप्पा मोरया
गणेश चतुर्थी पर शहर से गांव तक गूंजा गणपति बप्पा मोरया
विधि-विधान से स्थापित हुईं गणेश प्रतिमाएं, पंडालों में आरती-भजन और धार्मिक कार्यक्रमों का दौर शुरू
आनन्द गुप्ता / अनवार खाँ मोनू
बहराइच। गणेश चतुर्थी के अवसर पर सोमवार से जिले में गणेश महोत्सव की शुरुआत हो गई। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक विभिन्न स्थानों पर भगवान गणेश की प्रतिमाएं पंडालों और मंदिरों में विधि-विधान के साथ स्थापित की गईं। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गणपति की पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
शहर के ब्राह्मणीपुरा, गुदड़ी, किला, चांदपुरा, बशीरगंज और केडीसी मार्ग समेत विभिन्न स्थानों पर आकर्षक पंडाल सजाए गए हैं। गणेश प्रतिमा स्थापना के बाद श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ पूजन-अर्चन किया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी गणेश महोत्सव को लेकर उत्साह दिखाई दिया। पयागपुर, रिसिया समेत अन्य क्षेत्रों में भी जगह-जगह गणपति बप्पा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं।
गणेश महोत्सव के दौरान पंडालों में प्रतिदिन आरती, भजन-कीर्तन और धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शाम होते ही श्रद्धालुओं की भीड़ पंडालों में पहुंचने लगी है। गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। आयोजकों की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और कार्यक्रमों की व्यवस्थाएं की जा रही हैं।




