योगी सरकार ने अधिवक्ताओं को दी बड़ी सौगात, भाजपा ने जताया आभार

योगी सरकार ने अधिवक्ताओं को दी बड़ी सौगात, भाजपा ने जताया आभार

पांच लाख के कैशलेस मेडिकल इंश्योरेंस से अधिवक्ताओं को बड़ी राहत, पार्किंग और टैबलेट की घोषणा का भी स्वागत

गोण्डा। अधिवक्ता समाज के हित में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लिए गए बड़े फैसलों का भाजपा ने जोरदार स्वागत किया है। भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अधिवक्ता समाज देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। गरीब, असहाय और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को न्याय दिलाने में अधिवक्ता सदैव न्याय के प्रहरी के रूप में कार्य करते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रयागराज में अधिवक्ताओं की सुविधाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने तीन महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। हाईकोर्ट में 10 हजार अधिवक्ताओं के लिए मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण, 400 राज्य विधि अधिकारियों को टैबलेट तथा सभी अधिवक्ताओं को पांच लाख रुपये तक का कैशलेस मेडिकल इंश्योरेंस देने की घोषणा अधिवक्ता समाज के लिए बड़ी सौगात है।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी एवं सिविल बार एसोसिएशन गोण्डा के पूर्व अध्यक्ष विवेक मणि श्रीवास्तव एडवोकेट ने मुख्यमंत्री एवं प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था के मजबूत प्रहरी हैं। वे गरीबों और मजलूमों को न्याय दिलाने के साथ समाज में न्याय एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता पैदा करने का कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि पांच लाख रुपये का कैशलेस मेडिकल इंश्योरेंस अधिवक्ताओं के लिए वरदान साबित होगा। चैंबर, लाइब्रेरी और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता अधिवक्ता समाज के प्रति उसकी संवेदनशीलता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के संकल्प के साथ निरंतर जनहित में कार्य कर रही है।

Related Articles

Back to top button