बनारस कोचिंग डिपो में डीआरएम आशीष जैन का निरीक्षण, यात्री सुरक्षा पर विशेष जोर

बनारस कोचिंग डिपो में डीआरएम आशीष जैन का निरीक्षण, यात्री सुरक्षा पर विशेष जोर

आरडीएसओ और रेलवे बोर्ड के मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश


वाराणसी, 15 सितंबर। रेल यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन ने मंगलवार को कोचिंग डिपो, बनारस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोचों के अनुरक्षण मानकों, सुरक्षा से जुड़े कार्यों और विभिन्न मॉडिफिकेशन कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान कोचिंग डिपो अधिकारी हरिशंकर कुमार गुप्ता ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से कोच अल्टरेशन इंस्ट्रक्शन सीएआई तथा विभिन्न मॉडिफिकेशन कार्यों की अद्यतन स्थिति से मंडल रेल प्रबंधक को अवगत कराया।
डीआरएम ने सेंटर बफर कप्लर सीबीसी, लोको एवं पावर कार में लगे वर्टिकल रेस्ट्रिक्टर, वेस्टीब्यूल फॉल प्लेट सहित सुरक्षा से जुड़े उपकरणों और उनमें किए गए संशोधन कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कोच की खिड़कियों में लगी एल्यूमिनियम बार और रॉड तथा इमरजेंसी विंडो के रिप्लेसमेंट कार्य की प्रगति भी देखी।
आशीष जैन ने अधिकारियों को सुरक्षा संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेलवे बोर्ड एवं अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन आरडीएसओ द्वारा निर्धारित तकनीकी और संरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने मेकेनाइज्ड लॉन्ड्री की क्षमता बढ़ाने के लिए प्रस्तावित नई बिल्डिंग के निर्माण और रेनोवेशन कार्य की भी समीक्षा की। डीआरएम ने सभी कार्यों की नियमित निगरानी, गुणवत्ता सुनिश्चित करने और लंबित कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर सीएंडडब्ल्यू अभिषेक राय, कोचिंग डिपो अधिकारी हरिशंकर कुमार गुप्ता सहित संबंधित वरिष्ठ पर्यवेक्षक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button