महाआरती के साथ हुआ बाबा दुखहरन नाथ जी के 14वें विशाल भंडारे का शुभारंभ

महाआरती के साथ हुआ बाबा दुखहरन नाथ जी के 14वें विशाल भंडारे का शुभारंभ
विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद शिव भक्तों में वितरित हुआ प्रसाद, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
राम जनम तिवारी
गोंडा। प्रसिद्ध बाबा श्री दुखहरन नाथ जी मंदिर परिसर में 14वें विशाल भंडारे का शुभारंभ विधि-विधान एवं भव्य महाआरती के साथ किया गया। इस दौरान बाबा श्री दुखहरन नाथ जी को भोग-प्रसाद समर्पित कर जनकल्याण एवं सुख-समृद्धि की कामना की गई।
भंडारे के आयोजक उमेश शुक्ला अपने प्रिय मित्रों के साथ मंदिर पहुंचे और बाबा का विधिवत पूजन-अर्चन कर भोग प्रसाद अर्पित किया। भगवान को भोग समर्पित करने के पश्चात मंदिर परिसर में मौजूद शिव भक्तों एवं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और बाबा श्री दुखहरन नाथ जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस धार्मिक आयोजन में विधायक प्रतीक भूषण सिंह, विधायक विनय द्विवेदी ‘मुन्ना भैया’, विधायक अजय सिंह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक प्रवीण जी भाई साहब, भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा, पुलिस उपमहानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र, केंद्रीय मंत्री एवं सांसद गोंडा के प्रतिनिधि राम शंकर मिश्रा, सांसद कैसरगंज के प्रतिनिधि संजीव सिंह, पूर्व अध्यक्ष सूर्य नारायण तिवारी, भाजपा नेता महेश नारायण तिवारी सहित जनपद के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने बाबा श्री दुखहरन नाथ जी के दर्शन-पूजन कर प्रसाद ग्रहण किया और धार्मिक आयोजन में सहभागिता की।



