गणेश पूजा और नवरात्रि को लेकर प्रशासन अलर्ट, अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी कड़ी नजर

गणेश पूजा और नवरात्रि को लेकर प्रशासन अलर्ट, अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी कड़ी नजर

डीएम-एसपी की सेंट्रल पीस कमेटी बैठक में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश


गोण्डा, 17 सितम्बर। आगामी गणेश पूजा एवं नवरात्रि दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित कर अधिकारियों, धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों के साथ त्योहारों की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, अपर जिलाधिकारी प्रमोद झा, अपर पुलिस अधीक्षक, सभी उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष, विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु एवं संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने सभी से गणेश पूजा एवं नवरात्रि दुर्गा पूजा को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कार्य न किया जाए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि धार्मिक भावनाएं भड़काने, दुष्प्रचार करने अथवा माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। लोगों से अपील की गई कि वे किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट को प्रसारित करने से बचें। किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना देने को कहा गया।
हाईटेंशन तार और रेलवे क्रॉसिंग के पास नहीं लगेंगे पंडाल
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी पूजा पंडाल हाईटेंशन विद्युत तार के नीचे या आसपास तथा रेलवे क्रॉसिंग के पास नहीं लगाया जाए। सभी पंडाल स्थलों, विसर्जन स्थलों एवं विसर्जन मार्गों का संबंधित एसडीएम, सीओ और थानाध्यक्ष स्वयं भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें और आवश्यक इंतजाम समय से पूरा कराएं।
मूर्ति विसर्जन घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, गोताखोर, साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं सभी थानाध्यक्षों को डीजे संचालकों से संपर्क कर ध्वनि की तीव्रता निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश देने को कहा गया।
प्रशासन ने त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात, सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को पूरी गंभीरता से जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Back to top button