बहराइच ख़बर

आकाश जैसवाल बदलता स्वरूप

करंट लगने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

जरवल रोड बहराइच। जरवलरोड थाना क्षेत्र के ग्राम सभा करमुल्लापुर के मजरा सुरजी पुरवा में बुधवार शाम विद्युत करंट की चपेट में आने से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

गांव निवासी बृजेश कुमार उर्फ धन्नू (28) पुत्र स्वर्गीय अयोध्या प्रसाद बुधवार रात करीब सात बजे बिजली का पंखा चलाने के लिए प्लग लगा रहे थे। इसी दौरान वह विद्युत करंट की चपेट में आ गए। युवक को करंट लगा देख उनकी मां बचाने के लिए दौड़ीं और किसी तरह उन्हें विद्युत संपर्क से अलग किया।

परिजन गंभीर हालत में बृजेश को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्तफाबाद लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।




विधायक सुभाष त्रिपाठी ने किया शुभारंभ, सीएचसी में पीएम मोदी का जन्मदिन भी मनाया


बिशेश्वरगंज/ बहराइच। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिशेश्वरगंज में गुरुवार को हेल्थ एटीएम की शुरुआत की गई। पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी ने मशीन का शुभारंभ किया। मानव विकास संस्था की ओर से एचडीएफसी बैंक के सहयोग से स्थापित इस मशीन से बीपी, ईसीजी, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन, लिपिड प्रोफाइल समेत 50 से अधिक प्रकार की जांच की जा सकेगी।
हेल्थ एटीएम के माध्यम से जांच की सुविधा एक ही स्थान पर मिलने से ग्रामीणों को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए बाहर जाने की जरूरत कम होगी। संस्था के डॉ. मनोज कुमार गुप्ता, रीजनल हेड असीम अनुभव, नीरज प्रसाद व कार्तिके तिवारी ने मशीन की कार्यप्रणाली और उपलब्ध जांचों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. संजय कुमार, सीएचसी अधीक्षक डॉ. कुणाल मिश्रा, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अमर गुज्जर, चीफ फार्मासिस्ट शैलेंद्र दूबे समेत अस्पताल स्टाफ व भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर विधायक ने केक काटा। कार्यक्रम में ग्रामीणों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने और सेवा-सुशासन के संदेश पर जोर दिया गया।




निशानगाड़ा जंगल से घुसे गजराज, निशानगाड़ा से धर्मापुर तक किसानों की फसलें तबाह

पांच हाथियों के झुंड का धान की फसल चरते हुए फोटो हुई वायरल


बहराइच। निशानगाड़ा के जंगल से होते हुए पांच हाथियों का झुंड अब आबादी में घुस गया है। कतर्नियाघाट और निशानगाड़ा के बाद अब धर्मापुर और जलिहा गांव तक हाथी पहुंच गए हैं।

खास बात यह है कि झुंड अब तीन हिस्सों में बंट गया है। एक हिस्सा सेठी फार्म में, दूसरा बनकटी में और तीसरा धर्मापुर-जलिहा में घूम रहा है। इससे वन विभाग की टीम को ट्रैक करने में दिक्कत हो रही है।

हाथी रात 11 बजे के बाद खेतों में घुसते हैं। सेठी फार्म और बनकटी मे कई एकड़ से ज्यादा धान और गन्ने की फसल रौंदी जा चुकी है। मंगलवार रात धर्मापुर में कई किसानों की धान की फसल एक ही रात में बर्बाद हो गया। खास बात यह है कि धर्मापुर व जलिहा गांव को हाथियों ने नया ठिकाना बनाया है। इनकी मौजूदगी इन गांवों में बहुत कम दिखती थी लेकिन पिछले कई दिनों से इन गांवों में इनकी मौजूदगी से किसान के सांमने चिंता की लकीरें खींच गयी है।

वन विभाग ने तीन टीम लगाकर निगरानी शुरू कर दी है।

रेन्जर सुजौली नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि बनकटी गांव में वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है ।हाथियों के मूवमेन्ट पर नजर बनाए हुए है।नुकसान हुए फसल का आंकलन कर मुआवजे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

Related Articles

Back to top button