गोरखपुर न्यूज़ दैनिक बदलता स्वरूप

स्वच्छता ही सेवा अभियान का पूर्वोत्तर रेलवे में शुभारंभ
महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने यांत्रिक कारखाने में किया श्रमदान, दिलाई स्वच्छता की शपथ
गोरखपुर। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्यालय गोरखपुर सहित तीनों मंडलों में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का शुभारंभ गुरुवार को महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने यांत्रिक कारखाना, गोरखपुर में किया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को ‘स्वच्छता से स्वागत’ बैज लगाकर स्वच्छता के प्रति जागरूक एवं सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यांत्रिक कारखाना परिसर के उद्यान में श्रमदान भी किया। इसके बाद अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छ एवं विकसित भारत का सपना देखा था। अब प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि गंदगी को दूर कर स्वच्छता के माध्यम से देश की सेवा करे। उन्होंने स्वयं स्वच्छता के प्रति सजग रहने, प्रत्येक सप्ताह दो घंटे श्रमदान करने तथा न गंदगी करने और न किसी को करने देने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान ई.एन.एच.एम. विंग द्वारा निष्प्रयोज्य लिनेन से तैयार किए गए कपड़े के थैले महिला कर्मचारियों को वितरित किए गए। रेल कर्मचारियों के बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए स्वच्छता संदेश छपे बुक एवं कॉपी कवर भी दिए गए।
इसी क्रम में प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर रवीश कुमार ने गोरखपुर जंक्शन पर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई तथा रेल कर्मचारियों और सफाई मित्रों को ‘स्वच्छता से स्वागत’ बैज लगाकर यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। महिला कर्मचारियों को कपड़े के थैले तथा स्काउट एवं गाइड के बच्चों को स्वच्छता संदेश वाले बुक एवं कॉपी कवर वितरित किए गए। अंत में उन्होंने स्वच्छता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
अभियान के तहत पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने और स्वच्छ एवं स्वस्थ रेल परिसरों के निर्माण के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
प्रमुख उपस्थित अधिकारी: मुख्य चल स्टॉक इंजीनियर/फ्रेट, टी.एस. एवं डी.एम. अनिल कुमार, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर/ई.एन.एच.एम. अम्बरीश प्रकाश पाण्डेय, मुख्य कारखाना प्रबंधक/यांत्रिक कारखाना आनन्द ऋषि श्रीवास्तव सहित वरिष्ठ अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
हिंदी पखवाड़े में एआई के प्रयोग पर कार्यशाला आयोजित
कार्यालयी कार्यों में एआई से बढ़ेगी कार्यकुशलता, सटीकता और पारदर्शिता
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय, गोरखपुर में राजभाषा विभाग के तत्वावधान में हिंदी के प्रचार प्रसार के लिए हिंदी पखवाड़ा 2026 मनाया जा रहा है। पखवाड़े के दूसरे दिन 17 सितंबर को प्रमुख मुख्य सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर के सभाकक्ष में कार्यालयी कार्यों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रयोग विषय पर हिंदी कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला की अध्यक्षता राजभाषा अधिकारी एवं वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी मुख्यालय गोपाल प्रसाद गुप्ता ने की। मुख्य वक्ता वरिष्ठ इंजीनियर आईटी ईडीपी केंद्र संजय श्रीवास्तव ने कार्यालयी कार्यों में एआई के उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कार्य को अधिक कुशल, सटीक और पारदर्शी बनाने में एआई महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कार्यालयी प्रक्रियाओं में इसके प्रयोग से समय की बचत के साथ कार्य की सटीकता भी बनाए रखने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अनुवादक प्रभारी अनामिका सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ अनुवादक सपना खरे ने किया। कार्यशाला में पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय के कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर एआई के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी प्राप्त की।






