गोण्डा न्यूज़ बदलता स्वरूप

लोकोशेड गोण्डा में धूमधाम से मनाई गई विश्वकर्मा पूजा

अधिकारियों और रेलकर्मियों ने विधि-विधान से किया पूजन, सुरक्षा एवं सुख-समृद्धि की कामना

गोण्डा। लोकोशेड गोण्डा में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा पूजा का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर लोकोशेड गोण्डा आशीष मद्धेशिया एवं सहायक मंडल विद्युत इंजीनियर अमोल जायसवाल ने भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि, कार्यस्थल की उन्नति एवं रेल संचालन में निरंतर प्रगति की कामना की।
विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर लोकोशेड परिसर में पूरे दिन धार्मिक माहौल बना रहा। रेलकर्मियों ने मशीनों, उपकरणों एवं कार्यस्थल की साफ-सफाई कर विधि-विधान से भगवान विश्वकर्मा का पूजन किया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूजा कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
पूजन के दौरान रेलकर्मियों ने भगवान विश्वकर्मा से रेलवे कार्यस्थल पर सुरक्षा, कार्यों में निरंतर प्रगति तथा सभी कर्मचारियों और उनके परिवारों के सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर आशीष मद्धेशिया, सहायक मंडल विद्युत इंजीनियर अमोल जायसवाल, मंडल विद्युत इंजीनियर विनोद श्रीवास्तव, धारा सिंह मीणा, निरंजन लाल बहादुर, अजय श्रीवास्तव, बलवंत, पुरुषोत्तम, उमेश विश्वकर्मा, आरती मीणा, आर. मीणा तथा आशीष शुक्ला वरिष्ठ सामग्री प्रवर्तक सहित लोकोशेड के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।





मांगों को लेकर सड़क पर उतरे अधिवक्ता, चौराहा किया जाम

एसडीएम को सौंपा राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन

गोण्डा। विभिन्न मांगों को लेकर गुरुवार को सैकड़ों अधिवक्ताओं ने शहर के अम्बेडकर चौराहे पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाकर चौराहे को जाम कर दिया और अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। चौराहा जाम होने से छोटी-बड़ी वाहनों के पहिए थम गए, जिससे आम यात्रियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।
सिविल बार एसोसिएशन अध्यक्ष विजय प्रकाश त्रिपाठी एवं बार एसोसिएशन अध्यक्ष रविचंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में अधिवक्ता कलेक्ट्रेट परिसर से जुलूस के रूप में निकले। जुलूस दीवानी परिसर होते हुए अम्बेडकर चौराहे पर पहुंचा, जहां अधिवक्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाकर धरना शुरू कर दिया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने अपनी समस्याओं को लेकर भाषण देते हुए शासन-प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
धरना स्थल पर पहुंचे उपजिलाधिकारी जितेन्द्र गौतम को अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल उत्तर प्रदेश को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
अधिवक्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि सिविल कोर्ट परिसर में लगे सैकड़ों एसी के आउटर फैन से तापमान बढ़ रहा है, जिससे अधिवक्ताओं एवं वादकारियों को मुकदमों की पैरवी के दौरान व्यापक असुविधा हो रही है तथा स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने इस समस्या का तत्काल समाधान कराए जाने की मांग की।
अधिवक्ताओं ने गोण्डा न्यायपालिका में कथित न्यायिक भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग भी उठाई। इसके साथ ही सिविल कोर्ट परिसर में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की गई, ताकि जलभराव के कारण बीमारियों के फैलने की आशंका को दूर किया जा सके।
ज्ञापन में अधिवक्ताओं के लिए बिजली, स्वच्छ पेयजल और बहुमंजिला अधिवक्ता चैम्बर सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शासन स्तर से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने की मांग की गई।
इस दौरान सिविल बार एसोसिएशन महामंत्री गौरीशंकर चतुर्वेदी तथा बार एसोसिएशन महामंत्री सुनील कुमार पाण्डेय ने कार्यक्रम का संचालन किया। बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं की मौजूदगी के चलते अम्बेडकर चौराहे पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।




त्योहारों की सुरक्षा को लेकर एसपी ने कसे पेंच, अपराध नियंत्रण की भी समीक्षा


सैनिक सम्मेलन में पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश


गोण्डा, 17 सितम्बर। पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने सैनिक सम्मेलन एवं अपराध गोष्ठी आयोजित कर पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
अपराध गोष्ठी में आगामी गणेश चतुर्दशी, दुर्गा पूजा एवं दशहरा को लेकर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की गई। एसपी ने संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त, भीड़ एवं यातायात प्रबंधन तथा आयोजकों से समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने अपराधियों पर निगरानी, संदिग्ध वाहनों की चेकिंग, रात्रि गश्त मजबूत करने और लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण कराने पर जोर दिया। अपहरण के मामलों में पीड़िताओं की शीघ्र बरामदगी तथा चिन्हित मुकदमों में प्रभावी पैरवी के निर्देश भी दिए गए। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की स्थापना एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।



विश्वकर्मा जयंती पर महिला कारीगरों को मिला स्वरोजगार का संबल

गोण्डा, 17 सितम्बर 2026 – सेवा संकल्प अभियान एवं भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर जिला पंचायत सभागार में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजनान्तर्गत महिला लाभार्थियों को टूलकिट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न पारंपरिक एवं कारीगरी से जुड़े कार्यों को बढ़ावा देने तथा महिलाओं को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कई महिला लाभार्थियों को टूलकिट वितरित की गई।

टूलकिट वितरण के दौरान सुमन देवी, कंचन, लक्ष्मी सिंह, वंदना तिवारी, सरोज देवी, नीतू देवी, मालती देवी, पिंकी देवी सहित अन्य लाभार्थियों को टूलकिट प्रदान की गई। टूलकिट मिलने से लाभार्थियों को अपने पारंपरिक हुनर एवं कारीगरी के कार्य को बेहतर ढंग से आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा, विधायक कटरा बाजार, विधायक गोण्डा सदर, विधायक करनैलगंज, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, सांसद गोण्डा/केन्द्रीय विदेश राज्य मंत्री के प्रतिनिधि, सांसद कैसरगंज के प्रतिनिधि, जिलाध्यक्ष भाजपा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।

भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में श्रम, कौशल एवं पारंपरिक कारीगरी के महत्व पर प्रकाश डाला गया। अधिकारियों ने कहा कि सरकार द्वारा पारंपरिक कारीगरों एवं श्रमिकों को प्रशिक्षण, टूलकिट तथा अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे अपने कौशल का उपयोग कर स्वरोजगार स्थापित कर सकें और अपनी आय में वृद्धि कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें।

महिला लाभार्थियों ने टूलकिट प्राप्त करने पर खुशी व्यक्त करते हुए सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि टूलकिट से उनके कार्य को सुगम बनाने के साथ-साथ स्वरोजगार को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को कौशल विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश भी दिया गया।




गोण्डा युवाओं के लिए सुनहरा मौका: बभनान में 19 को रोजगार महाकुंभ, विधायक प्रभात वर्मा देंगे ऑफर लेटर


गोण्डा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर मनाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गोण्डा के युवाओं के लिए नौकरी का बड़ा पिटारा खुलने जा रहा है। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, गोण्डा द्वारा 19 सितम्बर को गौरा विधानसभा क्षेत्र में विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।जिला सेवायोजन अधिकारी श्रीमती प्रिया गौतम ने बताया कि मेला सुबह 10 बजे से आचार्य नरेन्द्र देव किसान स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बभनान में लगेगा। मेले में निजी क्षेत्र की 30 से अधिक नामी कंपनियां युवाओं के भविष्य को नई उड़ान देने आ रही हैं।मेले में श्रीराम रिंग पिस्टन, जे.के. टायर, याजाकी इंडिया, टाटा मोटर्स, ब्लिंकिट, जोमैटो सहित 30 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां 1000 से अधिक पदों पर चयन करेंगी। साक्षात्कार में सफल युवाओं को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, गौरा विधायक प्रभात वर्मा द्वारा मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किया जाएगा।
18 से 40 वर्ष के हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक और परास्नातक पास युवा इस मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि यह रोजगार मेला पूरी तरह निःशुल्क है। पंजीयन से लेकर नौकरी पाने तक कहीं कोई शुल्क नहीं देना होगा।
युवाओं को सिर्फ नौकरी ही नहीं, खुद का रोजगार शुरू करने का भी मौका मिलेगा। मेले में उद्योग विभाग, खादी एवं ग्रामोद्योग, सरकारी बैंकों और खाद्य प्रसंस्करण विभाग के स्टॉल लगेंगे, जहां केंद्र व राज्य सरकार की
ऋरिड-सब्सिडी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 155330 पर संपर्क करें या रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण करें।





वामन अवतार की महिमा और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव से भक्तिमय हुआ रामजानकी मारवाड़ी धर्मशाला

गोंडा। रानीबाजार स्थित राम जानकी मारवाड़ी धर्मशाला में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में श्रद्धालुओं को भगवान वामन के दिव्य चरित्र एवं भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की कथा का भावपूर्ण श्रवण कराया गया। प्रयागराज से पधारे कथा व्यास बालकृष्ण भार्गव जी महाराज ने अपनी ओजस्वी एवं मधुर वाणी से दोनों प्रसंगों का मार्मिक वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को धर्म, सत्य, विनम्रता और भक्ति का संदेश दिया।
भगवान वामन चरित्र का वर्णन करते हुए महाराज जी ने बताया कि भगवान का अवतार सदैव धर्म की स्थापना और भक्तों के कल्याण के लिए होता है। कथा में भगवान वामन द्वारा राजा बलि से तीन पग भूमि मांगने और उनके दिव्य स्वरूप का प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
वहीं, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का प्रसंग आते ही कथा स्थल उल्लास और भक्ति से भर गया। ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से पूरा धर्मशाला परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के बीच भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया।
कथा व्यास बालकृष्ण भार्गव जी महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत केवल कथा नहीं, बल्कि मानव जीवन को धर्म, प्रेम, सदाचार और ईश्वर भक्ति की राह दिखाने वाला दिव्य ग्रंथ है। कथा श्रवण से मनुष्य के जीवन में आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और भक्तिमय वातावरण में श्रीमद्भागवत कथा का रसास्वादन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।




बीज की समय पर आपूर्ति को लेकर एफपीओ सीईओ ने एमडी से की मुलाकात

रामजन्म तिवारी
गोण्डा। किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने को लेकर बेलसर ब्लॉक क्षेत्र के लौव्वा टेपरा स्थित अथरिष्ट फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी (एफपीओ) के सीईओ कुलदीप मिश्रा ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम के एमडी आशुतोष मिश्रा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने किसानों की जरूरत के अनुसार बीज की समय पर आपूर्ति सहित अन्य समस्याओं पर चर्चा की। सीईओ कुलदीप मिश्रा ने बताया कि किसानों को बुवाई के समय बीज के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए आपूर्ति व्यवस्था को लेकर एमडी से विस्तार से बातचीत हुई। एमडी आशुतोष मिश्रा ने भरोसा दिलाया कि बीज की उपलब्धता और समयबद्ध आपूर्ति को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। एफपीओ की ओर से किसानों को बेहतर कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।




दहेज में थार गाड़ी न देने पर शादी तोड़ी, पांच लोगों के खिलाफ में मुकदमा
गोंडा। शादी तय होने के बाद अचानक लड़के और उस के परिजनों के दारा दहेज में थार गाड़ी की मांग को लेकर शादी करने से इनकार कर दिया। लड़की के भाई ने होने वाले पति सास सहित पांच लोगों पर दहेज में थार गाड़ी मांगने को लेकर मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली देहात में एक युवक ने तहरीर दिया कि उस ने अपनी बहन नीता पुत्री रामकुंवर निवासी बैरागी पुरवा पूरे निद्धी थाना कौडिया की शादी। देववर्त उर्फ आजाद पुत्र संगमदास गौतम निवासी मुडेरवा कलां थाना कोतवाली के साथ तय किया था। रजवाडा होटल मे दिखाई का कार्यक्रम हुआ था। जिसमें एक लाख बीस हजार रुपये और 5 जुलाई को खर्च हुआ था । आजाद व उनके पिता संगमदास को सगुन के रुप में ,51,हजार रुपए नगद दिया था। शादी फरवरी 2027 में करने को तय हुई , परन्तु कुछ दिन बाद संगमदास व उनके लड़के देववर्त उर्फ आजाद ने फोन किया और कहा कि दहेज में थार गाड़ी देना पड़ेगा और सास अनारा पत्नी संगम दास के लिए सोने का मटर माला तथा नन्द ऊषा गौतम पत्नी लक्ष्मण लाल व मानू उर्फ किरन पुत्री संगमदास के लिए सोने की अंगूठी देना पड़ेगा तभी शादी हो सकती है,। इस के बाद उनके घर गया और पंचायत करायी परन्तु वे सभी लोग अपनी दहेज की बात को लेकर अड़े रहे और कहा दहेज नही दे सकते तो शादी नहीं करेंगे और शादी करने से मना कर दिया।सगुन व खर्चे वापस मांगा तो संगमदास व उनके लड़के देववर्त उर्फ आजाद भद्दी भद्दी गाली गुप्ता देकर फर्जी मुकदमा में फसाने की धमकी व जान से मार देने की धमकी दिया। तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

Related Articles

Back to top button