वाराणसी न्यूज़ बुलेटिन

हृदय रोगों की रोकथाम पर वाराणसी मंडल में सीएमई आयोजित
बदलता स्वरूप
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल चिकित्सालय, वाराणसी में चिकित्सकों को आधुनिक लिपिड प्रबंधन, हृदय रोगों की रोकथाम और नवीन उपचार पद्धतियों की जानकारी देने के उद्देश्य से ‘प्रैक्टिसिंग लिपिड लोअरिंग’ विषय पर सीएमई कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देश और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर. जे. चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. आर. आर. सिंह के परिचयात्मक संबोधन से हुआ। एआरसी प्लस सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल, वाराणसी के निदेशक डॉ. अमित श्रीवास्तव ने ‘इंक्लिसिरन : द गेम चेंजर इन सीएडी’ विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान दिया।
उन्होंने हृदय रोगों में लिपिड प्रबंधन, आधुनिक उपचार विकल्पों और इंक्लिसिरन की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान प्रश्नोत्तर सत्र में लिपिड लोअरिंग थेरेपी, हृदय संबंधी जोखिम प्रबंधन और हृदय रोगों की रोकथाम पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोनिका शुक्ला, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कल्पना दुबे सहित मंडल रेल चिकित्सालय के चिकित्सक मौजूद रहे। समापन पर डॉ. आर. जे. चौधरी ने सभी प्रतिभागियों और विशेषज्ञ वक्ता के प्रति आभार जताया।

मंडल महिला कल्याण संगठन, वाराणसी द्वारा वाराणसी मंडल में ऑन स्पॉट ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन
वाराणसी। केंद्रीय रेलवे महिला कल्याण संगठन, नई दिल्ली के तत्वावधान में मंडल महिला कल्याण संगठन, वाराणसी द्वारा वाराणसी मंडल के क्षेत्राधिकार में आने वाले वाराणसी, छपरा, गोरखपुर, मऊ, बलिया, प्रयागराज रामबाग एवं सीवान जंक्शन स्टेशनों पर 6 से 15 वर्ष आयु वर्ग के रेल कर्मचारियों के बच्चों के लिए आज दिनांक 20 सितम्बर, 2026 को पूर्वाह्न 10:30 बजे से 12:30 बजे तक ऑन स्पॉट ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जो आयु के आधार पर तीन ग्रुपों में बांटा गया था, प्रतियोगिता में लगभग 300 से अधिक बच्चों ने भाग लिया।
मंडल महिला कल्याण संगठन, वाराणसी की अध्यक्षा श्रीमती वाणी जैन ने अधिकारी क्लब, लहरतारा में दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जागृति सिंह, सचिव; मधुलिका सिंह, कोषाध्यक्ष; तथा सदस्याओं में सुनीता गौर, मौसमी चौधरी एवं रशिका सिंह ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन हित निरीक्षक श्री अविनाश कुमार ने किया।
प्रत्येक ग्रुप में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार तथा दो सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, इसके अतिरिक्त प्रत्येक ग्रुप को मंडल स्तर पर भी मंडल महिला कल्याण संगठन, वाराणसी द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए कोई प्रवेश शुल्क निर्धारित नहीं था। ड्राइंग प्रतियोगिता के उपरांत मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती वाणी जैन एवं सदस्याओं ने बच्चों के प्रति स्नेह एवं उत्साहवर्धन का भाव प्रदर्शित करते हुए सभी प्रतिभागी बच्चों को पेंसिल बॉक्स, बिस्किट, चिप्स एवं जूस उपहार स्वरूप प्रदान किए।
ऑन स्पॉट ड्राइंग प्रतियोगिता का संचालन हित निरीक्षक श्री अविनाश कुमार ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा वाणी जैन द्वारा किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक ने कछवा रोड स्टेशन का किया यात्री सुविधा एवं संरक्षा निरीक्षण
वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन ने 20 सितम्बर 2026 को बनारस–प्रयागराज रामबाग रेलखंड पर स्थित कछवा रोड स्टेशन का यात्री सुविधा एवं संरक्षा की दृष्टि से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन पैनल, रिले रूम, आईपीएस रूम, सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म एवं फुट ओवर ब्रिज का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को यात्री सुविधाओं में सुधार, उपकरणों के उचित रख-रखाव एवं संरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन के निर्देश दिए।
मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन यार्ड स्थित समपार संख्या-21C का भी संरक्षा निरीक्षण किया। उन्होंने समपार फाटक की संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए गेटमैन श्री अमरेश कुमार यादव से संरक्षा संबंधी जानकारी ली तथा उनके संरक्षा ज्ञान की परख की। उन्होंने समपार फाटक पर निर्धारित संरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही श्री जैन ने कछवा रोड स्थित टी.एस.एस. का तकनीकी एवं संरक्षा निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रांसफॉर्मर, सर्किट ब्रेकर, आइसोलेटर, प्रोटेक्शन रिले, कंट्रोल पैनल, बैटरी बैंक एवं अर्थिंग व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित रजिस्टर एवं अभिलेखों की जांच की।
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने विद्युत उपकरणों एवं अर्थिंग व्यवस्था की नियमित जांच, उचित रख-रखाव, अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा संरक्षा मानकों के कड़ाई से अनुपालन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।




