लखनऊ अपडेट 21/09/26
बादशाहनगर स्टेशन पर चला स्वच्छता जागरूकता अभियान
बदलता स्वरूप
लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत बादशाहनगर स्टेशन पर जनजागरूकता अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर ईएनएचएम महेन्द्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित अभियान में सेवानिवृत्त मंडल परिचालन प्रबंधक एम.पी. सिंह ने यात्रियों व रेल कर्मचारियों को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और सिंगल यूज प्लास्टिक के बहिष्कार के प्रति जागरूक किया।
‘स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी एवं स्वच्छ सार्वजनिक स्थल’ थीम के तहत स्टेशन परिसर में गहन सफाई अभियान चलाया गया। मैकेनाइज्ड क्लीनिंग के साथ शौचालयों और नालियों की विशेष सफाई कराई गई। यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ सेल्फी प्वाइंट पर सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।

हिन्दी टिप्पण एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल में 18 से 25 सितम्बर 2026 तक मनाये जाने वाले ‘राजभाषा सप्ताह-2026’ के अन्तर्गत आज पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल में मण्डल रेल प्रबन्धक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं स्टेशन निदेशक, लखनऊ जं0 प्रजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में ’हिन्दी टिप्पण एवं प्रारूप लेखन’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
सभाकक्ष स्टेशन निदेशक कार्यालय, लखनऊ जं0 में आयोजित इस प्रतियोगिता में सभी विभागों के रेलकर्मियों ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया।




