बहराइच न्यूज़ बुलेटिन 22/09/26

डीएम व एसपी ने नगर क्षेत्र का किया पैदल भ्रमण
पूजा पण्डाल स्थलों पर डीएम व एसपी ने किया जनसंवाद
सौरभ श्रीवास्तव
बहराइच मे श्री गणेश पूजा एवं गणेश प्रतिमा विसर्जन के दृष्टिगत कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से सोमवार की रात्रि जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्वत, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्रा व पुलिस बल के साथ नगर क्षेत्र में घण्टाघर चौराहा से विभिन्न पूजा पण्डाल स्थलों तक पैदल गश्त कर आमजन को सुरक्षा का एहसास कराया।
पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों द्वारा नगर क्षेत्र में भ्रमण करते हुए गणेश पूजा एवं आगामी प्रतिमा विसर्जन के दृष्टिगत क्षेत्र की सुरक्षा-व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया गया। नगर भ्रमण के दौरान डीएम व एसपी ने प्रमुख गणेश प्रतिमा स्थापना स्थलों पर पहुंचकर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा आवागमन तथा भीड़भाड़ की स्थिति का अवलोकन करते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। त्यौहार के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु तैनात अधिकारियों व कर्मियों को आमजन की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए सतर्कता एवं सजगता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने हेतु निर्देशित किया गया। पूजा पण्डालों के निरीक्षण के दौरान डीएम व एसपी ने जनसंवाद करते हुए मौके पर मौजूद पूजा समिति के पदाधिकारियों व श्रद्धालुओं से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।



आकांक्षी जनपदों के शिक्षकों की महत्वपूर्ण बैठक, वरिष्ठता के आधार पर अंतर्जनपदीय स्थानांतरण की मांग को लेकर बनी रणनीति
सौरभ श्रीवास्तव
बहराइच। आकांक्षी जनपदों में कार्यरत बेसिक शिक्षकों के वरिष्ठता के आधार पर अंतर्जनपदीय स्थानांतरण की मांग को लेकर मंगलवार को बहराइच स्थित कान्हा रेस्टोरेंट, निकट छावनी चौराहा में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बहराइच एवं श्रावस्ती समेत विभिन्न आकांक्षी जनपदों में कार्यरत शिक्षक शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तैयार करना, संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निर्धारण करना तथा शासन एवं विभाग के समक्ष वरिष्ठता आधारित अंतर्जनपदीय स्थानांतरण की मांग को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से प्रभावी ढंग से रखने पर विचार-विमर्श करना रहा। वक्ताओं ने कहा कि आकांक्षी जनपदों में वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों को अपने गृह जनपद में सेवा करने का अवसर मिलना चाहिए। वर्ष 2018 एवं 2020 में आकांक्षी जनपदों से स्थानांतरण पर रोक के कारण प्रभावित शिक्षकों को अतिरिक्त अवसर प्रदान किए जाने की मांग भी बैठक में प्रमुखता से उठाई गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि शिक्षकों की मांग को शासन एवं विभाग के समक्ष संगठित और प्रभावी तरीके से रखा जाएगा। साथ ही अधिक से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं को अभियान से जोड़कर वरिष्ठता के आधार पर अंतर्जनपदीय स्थानांतरण की मांग को मजबूती प्रदान की जाएगी।
अतिरिक्त हल्कों का बस्ता तहसील में जमा कर लेखपालों ने जताया विरोध
वेतन विसंगति, पदोन्नति और संसाधनों की कमी समेत विभिन्न मांगों को लेकर शुरू किया आंदोलन
बहराइच। विभिन्न मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर मंगलवार को जिले के लेखपालों ने आंदोलन का आगाज कर दिया। सुबह करीब 10 बजे लेखपालों ने अपने अतिरिक्त प्रभार वाले क्षेत्रों के बस्ते संबंधित तहसीलों में जमा कर दिए। इसके साथ ही अतिरिक्त हल्कों का राजस्व कार्य प्रभावित होने की स्थिति बन गई है।
लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष आशुतोष सिंह ने बताया कि लेखपालों पर लगातार अतिरिक्त हल्कों का बोझ बढ़ाया जा रहा है। कई लेखपालों को अपने मूल हल्के के साथ अतिरिक्त क्षेत्रों की जिम्मेदारी भी संभालनी पड़ रही है। इसके बावजूद आवश्यक संसाधन उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वेतन विसंगति दूर करने और पदोन्नति समेत कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं।
संघ के आह्वान पर मंगलवार से जिले के लेखपाल केवल अपने मूल हल्के में ही राजस्व संबंधी कार्य करेंगे। अतिरिक्त हल्कों से संबंधित राजस्व कार्य फिलहाल नहीं किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि मांगों के समाधान के लिए संगठन लगातार शासन और विभागीय अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट करा रहा है। यदि जल्द मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। लेखपालों के इस कदम से अतिरिक्त हल्कों में राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित होने की संभावना है।


महसी में बिजली कटौती पर भड़के एसडीएम, मुकदमा दर्ज कराने की दी चेतावनी
बहराइच। महसी तहसील क्षेत्र के कई इलाकों में लगातार हो रही विद्युत कटौती को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। विपक्षी दलों की ओर से बीते कई दिनों से बिजली व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। मंगलवार समाजवादी पार्टी के नेता व पूर्व विधायक केके ओझा समर्थकों के साथ तहसील परिसर पहुंचे और विद्युत कटौती को लेकर नाराजगी जताई।
इस दौरान उप जिलाधिकारी महसी राजेश अग्रवाल ने भी क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उन्होंने फोन पर विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से बातचीत करते हुए कहा कि इलाके में विद्युत समस्या काफी समय से बनी हुई है। उन्होंने शिकायत की कि विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों पर तैनात कर्मचारी जेई व ए ई फोन तक नहीं उठाते हैं, इसको लेकर जनता उद्वेलित है। उपभोक्ताओं को अपनी समस्या बताने में परेशानी होती है।
एसडीएम ने कहा कि लगातार बिजली कटौती से आम लोगों के साथ ही तहसील के सरकारी कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। फोन पर बातचीत के दौरान विद्युत विभाग के अधिकारियों ने उप जिलाधिकारी से शीघ्र कार्यवाही की बात कही, इस दौरान एस डी एम ने कहा कि अगर शीघ्र व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और लापरवाही जारी रही तो हमे मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई करनी पड़ेगी ।

कूड़ा वाहन और रोडवेज बस की मामूली टक्कर पर विवाद, सफाई कर्मियों ने लगाया जाम
बहराइच। शहर के रोडवेज बस स्टैंड परिसर के सामने मंगलवार को कूड़ा उठाने वाले नगर पालिका के वाहन और रोडवेज बस की मामूली टक्कर के बाद विवाद हो गया। टक्कर में रोडवेज बस की खिड़की का एक शीशा टूट गया। आरोप है कि इससे नाराज बस चालक ने कूड़ा वाहन चालक के साथ गाली-गलौज कर दी। इसकी जानकारी मिलने पर नगर पालिका के सफाई कर्मी आक्रोशित हो गए और दर्जनों कूड़ा वाहनों को रोडवेज बस स्टैंड के सामने सड़क पर खड़ा कर दिया। इससे मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया।
सफाई कर्मी रोडवेज चालक से माफी मांगने की मांग पर अड़ गए। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और करीब एक घंटे तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही। बस स्टैंड के सामने कूड़ा वाहनों की कतार लगने से यात्रियों और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जाम और विवाद की सूचना पर कोतवाली नगर पुलिस के साथ रोडवेज पुलिस चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया। काफी देर की बातचीत के बाद सफाई कर्मी कूड़ा वाहन हटाने को राजी हुए। इसके बाद नगर पालिका के कर्मचारियों ने वाहनों को सड़क से हटा लिया और आवागमन सुचारु हो सका। पुलिस ने दोनों पक्षों से आपसी विवाद को बढ़ाने के बजाय शांतिपूर्ण ढंग से मामला निपटाने की अपील की।
दरवाजा बंद करते समय युवती को सांप ने डसा, बोरी में सांप लेकर अस्पताल पहुंचे परिजन
बहराइच। फखरपुर थाना क्षेत्र के मरौचा बुबकापुर गांव में सोमवार देर रात घर का दरवाजा बंद करने जा रही 17 वर्षीय युवती को जहरीले सांप ने पैर में डस लिया। सांप के डसने के बाद युवती के चीखने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। इस दौरान सांप घर के अंदर ही इनवर्टर के पास जाकर बैठ गया। परिजनों ने हिम्मत दिखाते हुए सांप को पकड़कर बोरी में बंद कर दिया और युवती को लेकर देर रात करीब 12 बजे जिला अस्पताल पहुंचे। युवती की हालत स्थिर बताई जा रही है।
मरौचा बुबकापुर निवासी बलराम यादव की 17 वर्षीय बेटी अंशु मंगलवार रात करीब दस बजे घर का दरवाजा बंद करने जा रही थी। इसी दौरान दरवाजे के पास मौजूद सांप ने उसके पैर में डस लिया। सांप के काटते ही अंशु चीखने-चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर परिवार के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। परिजनों ने अंशु से जानकारी ली तो उसने सांप के काटने की बात बताई।
इसके बाद परिवार के लोगों ने घर में सांप की तलाश शुरू की। सांप इनवर्टर के पास बैठा मिला। परिजनों ने उसे पकड़कर बोरी में बंद कर दिया, ताकि चिकित्सकों को सांप की पहचान करने में मदद मिल सके। इसके बाद अंशु को लेकर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे और बोरी में बंद सांप को भी साथ ले गए।
अस्पताल की इमरजेंसी में मौजूद चिकित्सकों ने सांप को देखकर युवती का उपचार शुरू किया। मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी में ड्यूटी पर तैनात डॉ. आशीष वर्मा ने बताया कि युवती को प्राथमिक उपचार देने के बाद चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।



