बहराइच अपडेट 23sep2026

युवा कांग्रेस का जोरदार विरोध-प्रदर्शन
बहराइच। भारतीय युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक शिवहरे के नेतृत्व में बुधवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने युवा एवं छात्र विरोधी नीतियों, चंदा चोरी और वोट चोरी जैसे मुद्दों को लेकर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने युवाओं और छात्रों के अधिकारों की रक्षा, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष शिवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि देश का युवा केवल रोजगार ही नहीं, बल्कि अपने लोकतांत्रिक अधिकारों और सम्मान की भी लड़ाई लड़ रहा है। युवाओं और छात्रों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही बेहद जरूरी है तथा कांग्रेस युवाओं से जुड़े सवालों को लगातार मजबूती से उठाती रहेगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष शरीफ बाबू खान ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और उनके अधिकारों से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि युवाओं के हक, लोकतांत्रिक अधिकारों और लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवा कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
प्रदर्शन में शेख जकरिया, फजल खान, हलीम खान, भावेश प्रताप पाठक, नदीम अहमद, इमरान जमीर, मोहम्मद फरीद, अल्ताफ अंसारी, डॉ. एम. सिद्दीकी और रवि श्रीवास्तव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई जिला उद्योग बन्धु, श्रम बन्धु व जिला टास्क फोर्स बालश्रम समिति की बैठक
नगर निकायों व ब्लाकों पर आयोजित होंगे श्रमिक पंजीकरण शिविर
लेबर अड्डों के चिन्हित होगी भूमि, मूलभूत सुविधाओं का होगा विकास
बहराइच 23 सितम्बर। उद्यमियों एवं व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उददेश्य से मंगलवार को देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में जिला उद्योग बन्धु, श्रम बन्धु व जिला टास्क फोर्स बालश्रम समिति की बैठक सम्पन्न हुई। सहायक श्रमायुक्त राज बहादुर यादव द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद बहराइच में अब तक कुल 213890 श्रमिक पंजीकृत है। डीएम श्री पाण्डेय द्वारा अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों से आवेदन कराये जाने तथा समय सीमा के अंतर्गत कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये गये। डीएम द्वारा औद्योगिक संगठनों से अपने प्रतिष्ठान में कार्यरत श्रमिकों का श्रमिक पंजीयन कराये जाने के साथ श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए अवगत गया कि श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों को ही विभागीय योजनाओं का लाभ प्राप्त होता।
जिलाधिकारी द्वारा सहायक श्रमायुक्त को निर्देश दिया गया कि सभी ब्लाकों एवं नगर निकायो में पजींयन कैम्प लगाकर तथा ई-रिक्शा के माध्यम से विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार प्रसार किया जाय। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि आयोजित होने वाले शिविरों में मा. जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाय। डीएम ने कहा कि विभाग द्वारा चिन्हित किये गये बालश्रमिकों का पुनर्वासन कराये जाने, पंजीकृत निर्माण श्रमिकों का आईटीआई के माध्यम से प्रशिक्षण कराये जाने का भी निर्देश दिया। साथ ही जनपद में लेबर अडडे पर टिन सेट बनाये जाने, शौचालय एवं पेयजल की व्यवस्था किये कराये जाने तथा नगर मजिस्ट्रेट व अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद बहराइच को लेबर अड्डे हेतु भूमि चिन्हांकन करने का निर्देश दिया है।
निवेश मित्र पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की समीक्षा में जिलाधिकारी द्वारा समयापरान्त लम्बित आवेदनों के सम्बंध में प्रेच्छा की गयी। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पोर्टल पर समयोपरान्त कोई आवेदन लम्बित न होने पर डीएम ने उक्त तीनों प्रकरणों में की गयी कार्यवाही तथा अभिलेख उपायुक्त उद्योग को उपलब्ध कराने तथा लम्बित 02 प्रकरणों को आगामी बैठक से पूर्व निस्तारित कराये जाने के निर्देश दिये गये। डीएम ने आई.टी.आई. प्रशिक्षण प्राप्त छात्र-छात्राओं को लिे की औद्योगिक इकाईयों पर अप्रेन्टिस शिप कराये जाने तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना से आच्छादित कराये जाने के निर्देश दिये गये।
एमओयू क्रियान्वयन की समीक्षा के दौरान में मिहींपुरवा अन्तर्गत अपूर्ण वृहद फिशमीड मील परियोजना के सम्बन्ध में प्र. सहायक निदेशक मत्स्य बाबू राम द्वारा बताया गया कि उक्त प्रकरण की जांच मुख्यालय स्तर से गठित टीम द्वारा की जानी है। इस सम्बन्ध में निर्देश दिया गया कि महानिदेशक मत्स्य को पत्र भेज कर प्रकरण के अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की जाय। बैठक में मौजूद उद्यमियों एवं व्यापारियों द्वारा बारिश के पश्चात सड़कों की मरम्मत कराये जाने का सुझाव दिया गया। इस सम्बन्ध में डीएम द्वारा सड़क निर्माण से सम्बन्धित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया गया कि वर्षा ऋतु के उपरान्त सड़कों में हुए गढ्डों का 03 दिन में चिन्हांकन करते हुए 01 पखवाड़े में मरम्मत कार्य करा दिया जाय। औद्योगिक भू-खण्डों के लैण्ड एक्सचेंज से सम्बन्धित प्रकरणों में सीआरओ से परीक्षण कराये जाने तथा 01 व्यावसायिक भवन के विद्युत कनेक्शन को कामर्शियल श्रेणी से औद्योगिक श्रेणी में परिवर्तित करने हेतु यूपीपीसीएल के चेयरमैन को पत्र भिजवायें जाने का निर्देश दिया।
बैठक का संचालन उपायुक्त उद्योग केशवराम वर्मा ने किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, प्रभागीय वनाधिकारी बहराइच सुन्दरेशा, मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे, अपर जिला अधिकारी अरूण कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह सहित अन्य जनपदीय अधिकारियों के साथ साथ औद्योगिक/व्यापारिक संगठनों एंव ट्रेड यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित रहें। अन्त में धन्यवाद के साथ बैठक समाप्त की गयी।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी सेवा का मुख्यमंत्री ने किया शुभारम्भ
कृषि विज्ञान केन्द्र में आयोजित समारोह में राज्य स्तरीय कार्यकम का हुआ सजीव प्रसारण
बहराइच 23 सितम्बर। प्रदेश के मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा 5, कालीदास मार्ग, लखनऊ में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी सेवा का शुभारम्भ किया गया। तथा मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के ई-पोर्टल तथा सहकारिता विभाग के उर्वरक सेतु मोबाइल ऐप एवं उ.प्र. को-आपरेटिव डेटाबेस सेंटर के मोबाइल ऐप यूपीसीडीसी की लॉन्चिंग भी की गई। राज्य स्तर पर आयोजित कार्यक्रम का कृषि विज्ञान केन्द्र, बहराइच के सभागार में आयोजित समारोह में सजीव प्रसारण दिखया गया। मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना उ.प्र. सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड (एल.डी.बी) के माध्यम से लघु एवं सीमान्त कृषको के आर्थिक सशक्तीकरण एवं कृषि आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
कृषि विज्ञान केन्द्र, के सभागार में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि विधायक महसी सुरेश्वर सिंह एवं अध्यक्षता सभापति, जिला सहकारी बैंक लि., बहराइच जितेन्द्र त्रिपाठी के द्वारा की गयी। इस अवसर पर उपस्थित जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह, विधायक नानपारा राम निवास वर्मा, सदर विधायिका श्रीमती अनुपमा जायसवाल के प्रतिनिधि अशोक जायसवाल, मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक, सहकारिता देवेन्द्र कुमार सिंह, सहकारी समितियों/संस्थाओं के सभापति एवं संचालकगण तथा सहकारिता से जुड़ें कृषक तथा अन्य प्रतिनिधिगण द्वारा राज्य स्तरीय कार्यक्रम के सजीव प्रसारण को देखा व सुना गया।
कार्यक्रम में योजना की जानकारी देते हुये बताया गया कि मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का मुख्य उद्देश्य लघु एवं सीमान्त कृषको को सुलभ रियायती दर पर दीर्घकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराकर उनकी कृषि उत्पादकता एवं आय में वृद्धि करना है। योजना के अन्तर्गत पात्र कृषकों को रू. छः लाख तक का दीर्घ कालीन ऋण 6 प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जायेगा। समय से ऋण की किश्ते जमा करने वाले पात्र कृषको को राज्य सरकार द्वारा ब्याज अनुदान का लाभ प्राप्त होगा। योजना हेतु उ.प्र. सरकार द्वारा रू. 384.00 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गयी है तथा आगामी पांच वर्षों में लगभग 5.00 लाख कृषकों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
योजना अन्तर्गत कृषि के साथ-साथ कृषि आधारित अन्य गतिविधियों एवं आवश्यक पूंजी गत निवेश हेतु ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई जायेगी तथा ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया सरल एवं पारदर्शी बनाने के लिये आनलाइन व्यवस्था पर बल दिया गया है। इसी अवसर पर प्रदेश में भारत टैक्सी सेवा का भी शुभारम्भ किया गया। भारत टैक्सी, सहकार टैक्सी को-ऑपरेटिव लिमिटेड (एसटीसीएल) द्वारा संचालित भारत का पहला सहकारी-नेतृत्व वाला डिजिटल राईड-हेलिंग प्लेटफार्म है। ‘सारथी ही मालिक’ की सहकारी भावना के अन्तर्गत चालक सदस्य एवं हित धारक के रूप में इससे जुड़ते है। इस योजना का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय एवं किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराते हुये चालको के आर्थिक-सामाजिक सशक्तिकरण, रोजगार एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देना है।
समारोह के दौरान अतिथिगण द्वारा जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, बहराइच की ओर से कार्यक्रम में उपस्थित कुछ कृषकों को किसान केंडिट कार्ड योजान्तर्गत फसली ऋण का चेक भी उपलब्ध कराया गया है। कार्यक्रम में उपस्थित सचिवों एवं अध्यक्ष/उपाध्यक्ष से अपने अपने क्षेत्रों में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का व्यापक प्रचार प्रसार करते हुये पात्र कृषकों को योजना से जोड़ने में सक्रिय सहयोग करने की अपेक्षा की गई। कार्यक्रम में उपस्थित सभी सम्बन्धित द्वारा सहकारिता आधारित इन पहलों को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग का आश्वासन दिया गया।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः
लेबर अड्डा घण्टाघर पर आयोजित हुआ पंजीयन एवं स्वास्थ्य शिविर
24 चांदपुरा व 28 को लेबर अड्डा छावनी बाज़ार में आयोजित होगा शिविर
बहराइच 23 सितम्बर। मा. प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को ’विकसित भारत-2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद में आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ’सेवा संकल्प अभियान’ अन्तर्गत जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश व मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता के मागदर्शन में घण्टाघर स्थित लेबर अडडा पर श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों कल्याणार्थ प्रातः 07ः00 बजे से 10ः00 बजे तक पंजीयन एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
पंजीयन एवं स्वास्थ्य शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर उपस्थित चिकित्सकों की टीम द्वारा 47 श्रमिको का स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए उन्हें आवश्यक्तानुसार परामर्श व निःशुल्क औषधि का वितरण किया गया। जबकि श्रम विभाग की ओर से 67 श्रमिकों का पंजीयन/नवीनीकरण कराया गया तथा 61 श्रमिकों को डिजिटल लेबर चौक ऐप डॉउनलोड कराया गया। शिविर में उपस्थित सहायक श्रमायुक्त राज बहादुर यादव ने श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि विभागीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु श्रमिकों का पंजीकरण अनिवार्य है। श्री यादव ने बताया कि 24 सितम्बर को लेबर अड्डा चांदपुरा व 28 सितम्बर को लेबर अड्डा छावनी बाज़ार में शिविर का आयोजन होगा। उन्होंने श्रमिकों से शिविर का लाभ उठाये जाने की अपील की। इस अवसर पर श्रम विभाग के अन्य अधिकारी कर्मचारी, चिकित्सक तथा पैरा मेडिकल स्टाफ मौजूद रहा।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः
गोरखपुर-फैज़ाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन का कार्यक्रम जारी
बहराइच 23 सितम्बर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैज़ाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित सदस्य ध्रुव कुमार त्रिपाठी का कार्यकाल 06 दिसम्बर 2026 को समाप्त होने के कारण होने वाली रिक्ति को भरने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन का कार्यक्रम निर्घारित कर दिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित किये गये निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 29 सितम्बर 2026 को अधिसूचना जारी की जायेगी। नाम-निर्देशन हेतु अन्तिम तिथि 06 अक्टूबर 2026, नाम-निर्देशनों की संवीक्षा का दिनांक 07 अक्टूबर 2026, नाम वापसी के लिए अन्तिम तिथि 09 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार मतदान 23 अक्टूबर 2026 को पूर्वान्ह 08ः00 बजे से अपरान्ह 04ः00 बजे तक तथा मतगणना का कार्य 27 अक्टूबर 2026 को होगा। निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 के पूर्व पूर्ण कर ली जायेगी।
यह जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी/सहायक रिटर्निंग आफिसर, गोरखपुर-फैज़ाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र राजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के सन्दर्भ में जनपद बहराइच में आदर्श आचार संहिता के संसुगत उपबन्ध भारत निर्वाचन आयोग के पत्र संख्या 322/ईसीआई/आईएनएसटी/ एफयूएनसी/बीआईईएन-एलसी/2026 दिनांक 26 दिसम्बर 2026 में दिये गये प्राविधानों के अनुसार लागू हो गये है।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः
खंड शिक्षा कार्यालय में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित
बच्चों को दिलाई गई स्वच्छ भारत की शपथ
नानपारा, बहराइच। पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के बाद देश भर में सेवा सप्ताह अंतर्गत सेवा संकल्प अभियान निमित्त आज बुधवार को विकसित भारत थीम विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन खंड शिक्षा कार्यालय पर किया गया।इस दौरान नगर पालिका परिषद ईओ रंग बहादुर सिंह ने बच्चों को स्वच्छ भारत स्वच्छ गांव और नगर को लेकर शपथ भी दिलाई गई।कार्यक्रम में मौजूद मुख्य अतिथि विधायक राम निवास वर्मा ने मौजूद बच्चों का आह्वान किया कि जब हम साफ सुथरा रहेंगे तो अपने आसपास भी साफ सफाई रखेंगे।विकसित भारत को लेकर मोदी जी का सपना आने वाली आप ही की पीढ़ी को साकार करना है।विधायक ने प्रतियोगिता में प्रथम आदर्श वर्मा ग्राम नूरी पुरवा,द्वितीय आयशा ग्राम बरगदीया,तृतीय करण ग्राम नानपारा देहात को पुरस्कृत करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी बलहा अरुण कुमार वर्मा ने मौजूद शिक्षकों तथा बच्चों से अपेक्षा की कि सरकार द्वारा प्रदत्त शैक्षणिक माहौल को जमीन पर उतारते हुए विश्व गुरु भारत की कल्पना को साकार करे।कार्यक्रम में अन्य लोगों के अलावा शत्रुघ्न वर्मा, आफाक अहमद,शुभम,बेबी मालिक,रुचि चौधरी,दिनेश कुमार,स्वदेश द्विवेदी, धर्मेंद्र मौर्य,राजेश कुमार तथा परवीन जहरा जैदी सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

सिटी मजिस्ट्रेट ने इनर व्हील क्लब के धर्मार्थ प्याऊ का किया शुभारंभ
बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्षों ने क्लब की पहल को बताया पुण्य का कार्य
बदलता स्वरूप
बहराइच। माल कचहरी परिसर में इनर व्हील क्लब द्वारा निर्मित धर्मार्थ प्याऊ का शुभारंभ सिटी मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद ने किया। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के 12 पूर्व अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ अधिवक्ता, समाजसेवी एवं इनर व्हील क्लब की सदस्याएं मौजूद रहीं।
बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्षों ने इनर व्हील क्लब की अध्यक्ष ममता गुप्ता एवं सभी सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भीषण गर्मी में आमजन और अधिवक्ताओं के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था करना बेहद पुण्य का कार्य है। इस प्याऊ से गांवों से कचहरी आने वाली जनता के साथ ही अधिवक्ताओं को भी शीतल जल उपलब्ध होगा।
इनर व्हील क्लब की अध्यक्ष ममता गुप्ता ने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए वाटर कूलर युक्त धर्मार्थ प्याऊ का निर्माण कराया गया है। क्लब की पूरी टीम ने सेवा भाव से इस कार्य को पूरा किया है, ताकि कचहरी आने वाले लोगों को ठंडा पानी मिल सके। समाजसेवी बृजेश गुप्ता ने चुनरी पहनाकर सिटी मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद एवं वरिष्ठ अधिवक्ताओं का स्वागत किया।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता राम छबीले शुक्ल, देवेंद्र प्रसाद पांडेय, कृष्ण मोहन श्रीवास्तव, मदन गोपाल त्रिपाठी, राम बाजपेयी, कृष्ण कुमार ओझा, मोहन गौड़, प्रेम नाथ तिवारी, सतीश सिंह, राम सुहावन शुक्ल सहित वर्तमान अध्यक्ष राजेश शुक्ल, सुधाकर मिश्र, समाजसेवी संदीप मित्तल, सत्येंद्र शुक्ल, सुरेंद्र नाथ त्रिपाठी, अभिषेक द्विवेदी, रमेश, एकता जायसवाल सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे। इनर व्हील क्लब की ओर से अध्यक्ष ममता गुप्ता के साथ डॉ. बीना टंडन, डॉ. रीना केडिया, संगीता अग्रवाल, ज्योति बंसल, संध्या गोयल, लता वर्मा, मंजुला पांडेय, निधि टंडन, संगीता खन्ना, मालती देवी, नीलम गोयल, ममता केडिया, स्वाती कंसल, विभा अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।




