बृजभूषण और बाबा रामदेव की मुलाकात से खत्म हुआ विवाद

बृजभूषण और बाबा रामदेव की मुलाकात से खत्म हुआ विवाद

पतंजलि के घी को लेकर लंबे समय से चल रही बयानबाजी पर लगा विराम, मुलाकात की तस्वीर आई सामने

बदलता स्वरूप
गोण्डा। कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और योगगुरु बाबा रामदेव के बीच पतंजलि के घी को लेकर चल रही बयानबाजी के बीच बुधवार को दोनों की मुलाकात की तस्वीर सामने आई है। तस्वीर में दोनों एक ही सोफे पर अगल-बगल बैठे नजर आ रहे हैं। इस दौरान श्री चित्रकूट बालाजी ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत आलोक दास भी उनके साथ मौजूद रहे। मुलाकात की तस्वीर सामने आने के बाद दोनों के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद के खत्म होने की चर्चा तेज हो गई है।
बताया जाता है कि विवाद की शुरुआत वर्ष 2022 में बृजभूषण शरण सिंह के एक बयान से हुई थी। उन्होंने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की जरूरत बताते हुए पतंजलि के घी का भी उल्लेख किया था। इसके बाद अगस्त 2026 में बलरामपुर में दिए गए उनके एक बयान के बाद मामला फिर सुर्खियों में आया। बृजभूषण ने मिलावट के मुद्दे को लेकर अपनी बात रखी थी।
बयानबाजी के बाद पतंजलि फूड्स लिमिटेड की ओर से बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ 50 करोड़ रुपये के मानहानि दावे का मामला भी सामने आया। मामले को लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू हुई और दोनों पक्षों की ओर से अपनी-अपनी बातें रखी गईं।
अब बाबा रामदेव और बृजभूषण शरण सिंह की साथ में सामने आई तस्वीर ने पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया है। बाबा रामदेव ने मुलाकात के बाद कहा कि दोनों के बीच जो भ्रम थे वे दूर हो गए हैं। उन्होंने पतंजलि के घी में मिलावट के आरोपों को भी खारिज किया। मुलाकात के दौरान बाबा रामदेव के साथ में गोंडा जिले के निवासी श्री चित्रकूट बालाजी टेस्ट के अध्यक्ष महंत आलोक दास व श्रीरामवल्लभाकुंज के प्रमुख और नित्य सरयू महा आरती के संरक्षक अयोध्या स्वामी राजकुमार दास भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button