सुल्तानपुर न्यूज़ बुलेटिन


रक्तदान शिविर में मिला ‘रक्तवीर सम्मान’, छात्र राजनीति के दौर से लगातार कर रहे महादान
सुलतानपुर। अद्वैत फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में कटका क्लब के अध्यक्ष डॉ. सौरभ मिश्र ‘विनम्र’ को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘रक्तवीर सम्मान’ से सम्मानित किया गया। संस्था के चेयरमैन आनंद सावरण और मैनेजर अनूप मिश्र ने उन्हें सम्मान प्रदान किया।
डॉ. सौरभ ने बताया कि छात्र राजनीति के समय से ही वे नियमित रक्तदान करते आ रहे हैं। शिविर में उन्होंने 25वीं बार रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। पशुधन प्रसार अधिकारी डॉ. अमित मिश्र ने भी रक्तदान किया।
शिविर में डॉ. संजय सिंह, डॉ. रविन्द्र यादव, विजय चन्द्र चौधरी, सुशील कुमार, अनुराग पाण्डेय, पूजा वर्मा, कुलदीप कुमार व अब्बास अहमद की मेडिकल टीम मौजूद रही।
इस उपलब्धि पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि धनपतगंज त्रिनेत्र पांडेय, डॉ. ऋषभदेव शुक्ला, शिवकुमार तिवारी, लालमणि दुबे, कथा वाचक शनि मिश्र,साहित्यकार सर्वेश कांत वर्मा और संरक्षक राजकुमार मिश्र सहित अनेक लोगों ने बधाई दी।

चीनी मिल के पेराई सत्र 2026-27 की तैयारियों की जिलाधिकारी ने की समीक्षा
चीनी मिल के रिपेयर एवं मेन्टीनेन्स कार्यों का किया गया निरीक्षण
बदलता स्वरूप
सुलतानपुर। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में प्रबन्ध कमेटी की बैठक चीनी मिल के प्रशासनिक भवन में आयोजित की गयी। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा आगामी पेराई सत्र 2026-27 को दृष्टिगत रखते हुए चीनी मिल के रिपेयर एवं मेन्टीनेन्स कार्यों सहित मिल के संचालन से सम्बन्धित तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गयी। बैठक में चीनी मिल को पुनः संचालित कराये जाने के प्रयासों, गत वित्तीय वर्ष एवं वर्तमान वित्तीय वर्ष से सम्बन्धित आय-व्यय एवं लेखा विवरण प्रस्तुत किये जाने तथा आवश्यक कार्यवाही के सम्बन्ध में विचार-विमर्श किया गया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिलाधिकारी द्वारा चीनी मिल परिसर में चल रहे रिपेयर एवं मेन्टीनेन्स कार्यों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने मिल के विभिन्न खण्डों, पावर हाउस, बॉयलिंग हाउस, टरबाइन एवं मिल हाउस का स्थलीय निरीक्षण कर सम्बन्धित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने रिपेयर एवं मेन्टीनेन्स के अवशेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिये, ताकि आगामी पेराई सत्र के संचालन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
तत्पश्चात जिलाधिकारी प्रशासनिक भवन पहुंचे, जहां संचालक मण्डल के सदस्यों एवं मिल अधिकारियों की उपस्थिति में प्रबन्ध कमेटी की बैठक में विभिन्न बिन्दुओं की क्रमवार समीक्षा की गयी। बैठक में विगत प्रबन्ध कमेटी की बैठक में हुई कार्यवाही की पुष्टि की गयी। साथ ही चीनी मिल को पुनः संचालित कराने के लिए आवश्यक तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये।
बैठक में मिल परिसर में सेवानिवृत्त कर्मचारियों द्वारा अनाधिकृत रूप से उपयोग किये जा रहे आवासों को नियमानुसार खाली कराने, चीनी मिल कैम्पस की जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण, मिल गन्ना फार्म एवं यार्ड की बाउण्ड्रीवाल के सम्बन्ध में भी विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी द्वारा मिल की परिसम्पत्तियों एवं व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने तथा आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने पर जोर दिया गया।
बैठक में किसी नवीन प्रस्ताव पर निर्णय प्रस्ताव नहीं किया गया।
बैठक के अन्त में मिल के प्रधान प्रबन्धक विनीत उपाध्याय ने उपस्थित अतिथियों एवं संचालक मण्डल के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर, बैठक की उपसभापति , जिला गन्ना अधिकारी सहित संचालक मण्डल के सदस्यगण एवं चीनी मिल के सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।





