अमित शरण बॉबी बदलता स्वरूप फतेहपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत 1,526 ग्राम पंचायत अधिकारी, 360 ग्राम विकास अधिकारी समाज कल्याण एवं 64 समाज कल्याण पर्यवेक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम लखनऊ में किया गया। मुख्यमंत्री द्वारा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के सजीव प्रसारण का जनपद में विधायक खागा कृष्णा पासवान, विधायक जहानाबाद राजेन्द्र सिंह पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल, जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना सहित अन्य संबंधित अधिकारियों एवं नवचयनित अभ्यर्थियों द्वारा कलेक्ट्रेट महात्मा गॉंधी सभागार में देखा और सुना गया। इसी क्रम में जनपद के कलेक्ट्रेट सभागार में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी द्वारा 37 ग्राम पंचायत अधिकारी, 03 ग्राम विकास अधिकारी समाज कल्याण, 01 पर्यवेक्षक समाज कल्याण को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया। विधायक खागा ने नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी समाज कल्याण, पर्यवेक्षक समाज कल्याण को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उ0प्र0 सरकार के मुख्यमंत्री के दिशा निर्देशन में निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत आप सभी का चयन किया गया है।.इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं नव चयनित अभ्यर्थी आदि उपस्थित रहे।
Badalta Swaroop | बदलता स्वरुप Latest News & Information Portal