इसरार अहमद
बदलता स्वरूप श्रावस्ती। जनपद मे पराली जलाते समय खेत पहुंचे कृषि विभाग के अधिकारियों ने पराली जलाने पर मना करते हुए किसान को जुर्माना भरने की चेतावनी दी। जिसके सदमे से किसान की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार थाना सोनवा क्षेत्र के बरावा हरगुन गांव निवासी 55 वर्षीय किसान रामसमुझ चौहान पुत्र ननकऊ शनिवार को अपने खेत में धान की पराली जला रहा था। बताया गया कि तभी मौके पर पहुंचे कृषि विभाग के टेक्निकल असिस्टेंट राजकुमार वर्मा ने उसे पराली जलाने से मना किया। उसे कड़ी फटकार लगाई। साथ ही उस पर जुर्माना करने की चेतावनी दी। इसके बाद किसान जल रही पराली को बुझाने में लग गया। बाद में रामसमुझ खेत में लगे पेड़ के नीचे बैठ गया। वहां संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई। मामले में मृतक की किसान की पत्नी कौशल्या देवी ने स्थानीय थाने में तहरीर दी। कहा कि टेक्निकल असिस्टेंट की ओर से जुर्माना करने की धमकी और कार्रवाई की चेतावनी के कारण सदमे से पति की मौत हो गई है।





