नितिश कुमार तिवारी
बदलता स्वरूप श्रावस्ती। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक घनश्याम चौरसिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के तहत संचालित विभिन्न अभियानों व महिला बीट प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के सम्बन्ध में बैठक की गई। बैठक में महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और महिलाओं को सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराये जाने के सम्बन्ध में चर्चा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि महिला अपराधों की रोकथाम और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना अत्यंत आवश्यक है। इसके साथ ही बैठक में जन-जागरूकता अभियानों के तहत महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी प्रदान करने पर भी विशेष बल दिया गया। जिलाधिकारी ने शासन द्वारा संचालित विशेष अभियानों पर जोर देते हुए अधिकारियों को सघन रूप से क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर ध्यान केंद्रित करते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना आवश्यक है। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे इन अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाएं और सुनिश्चित करें कि जनहित में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त हों। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने महिला बीट प्रणाली की महत्ता को रेखांकित करते हुए सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि वे अपने क्षेत्रों में महिला सुरक्षा से जुड़े सभी अभियानों का समयबद्ध और प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन करें। उन्होंने कहा कि सभी बीट अधिकारी महिलाओं के साथ नियमित संवाद स्थापित करें और उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान करने के लिए तत्पर रहें। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महिला बीट प्रणाली के माध्यम से महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता और सुरक्षा की भावना को और मजबूत किया जा रहा है। इस बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने महिला सुरक्षा और अन्य अभियानों के सफल क्रियान्वयन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की और कहा कि वे महिला सुरक्षा के क्षेत्र में समर्पण और संवेदनशीलता के साथ कार्य करेंगे। सभी अधिकारियों ने इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए अपने-अपने विभागों से संपूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अनुभव सिंह, अपर जिलाधिकारी अमरेन्द्र कुमार वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार यादव सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Badalta Swaroop | बदलता स्वरुप Latest News & Information Portal