अहाते की दीवार गिरने से पांच घायल

नितिश कुमार तिवारी

बदलता स्वरूप जमुनहा, श्रावस्ती। गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां अहाते की दीवार गिरने से पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जोगिया के मजरा जोगिया गांव में राम खेलावन पुत्र कुंवारे के अहाते में पशुओं के लिए चारा रखा जाता था। यह अहाता ईंट की पक्की दीवार और टीन शेड से बना हुआ था। मंगलवार को बालकराम (30) पुत्र राम खेलावन उनकी पत्नी नीलम (28) बेटा अनुज (4) और देवरानी (45) पत्नी दुक्खी,लगनी (52) पत्नी राम जस चारा काटने के लिए अहाते में गए थे। इसी दौरान अचानक टीन शेड की दीवार भरभरा कर गिर गई, जिससे पांचों मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं घटना के समय गांव के कुछ छोटे बच्चे अहाते के बाहर खेल रहे थे, जो बाल-बाल बच गए। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर पहुंचाया जहां चिकित्सकों द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है। जबकि देवरानी की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं इस हादसे के बाद गांव में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल है। प्रशासन को भी सूचना दे दी गई है और घटना की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button