बदलता स्वरूप
गोण्डा। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत रसोइयों के सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश द्वारा रसोइयों के हित में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के क्रम में आयोजित हुआ।
इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन तथा सांसद गोण्डा प्रतिनिधि रमाशंकर मिश्र ने जनपद के रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड एवं मानदेय वृद्धि का प्रतीकात्मक चेक वितरित कर उनका सम्मान किया। कार्यक्रम में रसोइयों को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि प्रधानमंत्री पोषण योजना के सफल संचालन में रसोइयों की महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयां निरंतर जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य कर रही हैं। शासन द्वारा उनके हितों को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा सुविधा एवं मानदेय वृद्धि जैसी महत्वपूर्ण पहल की गई है, जिससे उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण को बल मिलेगा। जिला मुख्यालय के साथ-साथ जनपद की सभी विधानसभाओं में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कटरा बाजार विधानसभा में विधायक बावन सिंह, तरबगंज में विधायक प्रेम नरायन पाण्डेय, गौरा में विधायक प्रभात वर्मा तथा मेहनौन में विधायक विनय कुमार द्विवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड एवं मानदेय वृद्धि का प्रतीकात्मक चेक वितरित किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से बड़ी संख्या में रसोइयों को शासन की इस कल्याणकारी पहल का लाभ एवं सम्मान प्रदान किया गया।
जिला पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एडी बेसिक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक राजेश सिंह सहित बेसिक शिक्षा विभाग के सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










