7 सितम्बर से लखनऊ में पंचायत सहायकों का अनिश्चितकालीन धरना, अफसरों को ज्ञापन सौंप कार्य बहिष्कार की दी सूचना

जरवल रोड संवाददाता
​बहराइच । पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन उत्तर प्रदेश के आह्वान पर बहराइच जिले में पंचायत सहायकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। सोमवार को जरवल ब्लॉक उपाध्यक्ष मोहित मिश्रा एवं राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में पंचायत सहायकों ने जिला पंचायत राज अधिकारी बहराइच को संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी जरवल राजेन्द्र कुमार को सौंपकर 7 सितम्बर 2026 से लखनऊ के ईको गार्डेन में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने और मांगे न पूरी होने पर पूर्ण कार्य बहिष्कार की अग्रिम सूचना दी है। ​ज्ञापन के माध्यम से यूनियन ने शासन के समक्ष 5 प्रमुख मांगें रखी हैं, जिनमें मुख्यमंत्री जी से प्रतिनिधिमंडल की वार्ता, मानदेय बढ़ाकर सचिव के समकक्ष 30,000 प्रतिमाह अथवा न्यूनतम कुशल मजदूरी दर देना, संविदा प्रथा समाप्त कर राज्य कर्मचारी का दर्जा, महिला सहायकों को मातृत्व अवकाश व स्थानांतरण नीति तथा आगामी ग्राम विकास व ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती में 50% क्षैतिज आरक्षण देना शामिल है। ​पंचायत सहायकों ने चेतावनी दी है कि यदि लखनऊ प्रदर्शन के दौरान सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेश भर में कार्य बहिष्कार किया जाएगा। साथ ही अफसरों से आंदोलन के दौरान किसी भी पंचायत सहायक पर प्रतिकूल कार्रवाई न करने की अपील की गई है। इस अवसर पर पंचायत सहायक संघ ब्लॉक कार्यकारिणी के पदाधिकारी उमेश कुमार, सफिया, जीनत खातून, रीतु देवी, रुचि राव, ललिता देवी, गिरिराज कुमार, पंकज चौधरी, अबू सूफियान पवन और अखंड प्रताप यादव सहित कई पंचायत सहायक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button