सेवा को सलाम, मेहनत को सम्मान; छह रेलकर्मियों को पदोन्नति

बदलता स्वरूप
लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के रिक्त पदों के विरुद्ध छह पात्र कार्यरत कर्मचारियों को तत्काल पदोन्नति का लाभ दिया गया। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में मंडल कार्मिक अधिकारी प्रमोद कुमार भारती ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित बहुउद्देशीय हॉल में आयोजित समापक भुगतान कार्यक्रम के दौरान संबंधित कर्मचारियों को पदोन्नति आदेश प्रदान किए।
शीघ्र पदोन्नति का आदेश मिलने पर कर्मचारियों में खुशी का माहौल रहा। कर्मचारियों ने रेलवे प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर पदोन्नति मिलने से उनके उत्साह में वृद्धि हुई है और वे नई जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान मंडल के 14 रेल कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई भी दी गई। मंडल कार्मिक अधिकारी ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समापक भुगतान से संबंधित आवश्यक प्रपत्र एवं सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर अधिकारियों ने सेवानिवृत्त रेलकर्मियों के रेलवे के प्रति समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और लंबे सेवाकाल के दौरान दिए गए अतुलनीय योगदान की सराहना की।
अधिकारियों ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी रेलवे परिवार का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं। उनके अनुभव, निष्ठा और सेवाभाव ने रेल व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके योगदान को सदैव सम्मान के साथ याद किया जाएगा। इस दौरान सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्वस्थ, दीर्घायु एवं सुखद जीवन की कामना की गई।
कार्यक्रम में सहायक मंडल वित्त प्रबंधक, सहायक कार्मिक अधिकारी तृतीय एवं चतुर्थ सहित मंडल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




