मिशन शक्ति अभियान में महिलाओं को सुरक्षा और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

बदलता स्वरूप, सुलतानपुर। मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। मिशन शक्ति, एंटी रोमियो टीमों और महिला बीट पुलिस अधिकारियों ने विद्यालयों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं से संवाद किया।
अभियान के दौरान महिलाओं को 112, 1090, 1098, 181, 108 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई। साथ ही घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, छेड़छाड़, बाल विवाह एवं महिला अपराधों के खिलाफ निर्भीक होकर शिकायत करने के लिए प्रेरित किया गया।
महिलाओं को कन्या सुमंगला, सामूहिक विवाह, निराश्रित महिला पेंशन, उज्ज्वला योजना, स्वयं सहायता समूह और स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी देकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया गया। ग्राम चौपाल और जनसंवाद के माध्यम से कानूनी अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया गया।
पुलिस टीमों ने साइबर ठगी से बचाव के लिए ओटीपी, बैंक विवरण, पासवर्ड और संदिग्ध लिंक किसी से साझा न करने की अपील की। एंटी रोमियो टीमों ने सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण कर महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मरक्षा और सुरक्षित सोशल मीडिया उपयोग के प्रति जागरूक किया।

Related Articles

Back to top button