पिता की हत्या के बाद बेटे ने डीएम से लगाई गुहार, सुरक्षा व 50 लाख की आर्थिक मदद मांगी

बदलता स्वरूप
फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के असनी गोलीकांड में मनीष दुबे की मौत के बाद उनके बेटे वैभव दुबे ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों पर कठोर कार्रवाई, परिवार की सुरक्षा और आर्थिक सहायता की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में वैभव ने आरोप लगाया कि 29 अगस्त की रात उनके पिता की गोली मारकर हत्या की गई। उन्होंने अमन सिंह पुत्र मुन्नू सिंह एवं इन्द्रेश उर्फ मुन्नू सिंह को घटना के लिए जिम्मेदार बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। परिवार ने पूर्व विवादों का हवाला देते हुए जान का खतरा बताते हुए घर पर पुलिस सुरक्षा और शस्त्र लाइसेंस की मांग भी की है।
परिजनों ने बताया कि मनीष दुबे परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा थे। उनकी मौत के बाद परिवार आर्थिक संकट में है। उन्होंने शासन से 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और एक सदस्य को रोजगार दिलाने की मांग की है।
परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, प्रार्थना पत्र में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button